बाइक से घर जा रहे एक गांव की प्रधान पति पर बदमाशों ने तमंचे से फायर झोंक दिया। गंभीर रूप से घायल प्रधानपति को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है। मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस बदमाशों का पता लगा रही है लेकिन किसी का सुराग नहीं लग सका है।
रामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भरसवा मजरे सिरकौली गांव की प्रधान ऊषा सिंह के पति सभाजीत सिंह(42) पुत्र माताबदल सिंह मंगलवार की रात अपनी बाइक से रामनगर चौराहे से घर जा रहे थे। अभी वह नचना गांव के समीप पहुंचे थे तभी वहां मिले दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने प्रधानपति पर तमंचे से फायर झोंक दिया।
गोली चलने की आवाज सुनकर आस पास के लोगों को आत देख आरोपी भाग निकले। जिसके बाद लोगों ने घायल सभाजीत सिंह को इलाज के लिए सीएचसी रामनगर पहुंचाया व मामले की जानकारी पुलिस को दिया।
प्रधानपति के बाएं हाथ के नीचे गोली लगी है। बताया जा रहा है कि प्रधानी के चुनाव की रंजिश व अन्य बातों को लेकर इन पर यह हमला हुआ है। हालांकि प्रधानपति द्वारा अभी तक किसी आरोपी का नाम पुलिस को नहीं बताया गया है। प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह का कहना है कि पुलिस मामले की जांच करने के साथ आरोपियों का पता लगाने में जुटी है।