लखनऊ से पुलिस की सरकारी जीप चोरी करने के एक आरोपी को हैदरगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी अमेठी जिले का निवासी है और उसके पास से चोरी की एक टाटा मैजिक भी बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शुक्रवार को उसे कोर्ट में पेश किया जहां से वह जेल भेजा गया है।
एएसपी दक्षिणी शशिकांत तिवारी व सीओ हैदरगढ़ केडी मिश्रा ने शुक्रवार को बताया कि हैदरगढ़ पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात गश्त के दौरान क्षेत्र के बिबियापुर रेल क्रॉसिंग के पास से आशीष माली निवासी ग्राम जगतपुर थाना शिवरतनगंज अमेठी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के पास से पुलिस ने लखनऊ के नाका थाना इलाके से चोरी की गई एक टाटा मैजिक भी बरामद की है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बीते 22 मई को लखनऊ के महानगर इलाके से उसने पुलिस महिला सहायता प्रकोष्ठ की एक जीप भी चोरी की थी। लेकिन पुलिस की चौकसी के चलते जीप हैदरगढ़ में छोड़कर भाग निकला था।
पुलिस ने आरोपी के पास से सरकारी जीप की स्टेपनी बरामद करने की बात कही है। सीओ ने बताया कि आशीष शातिर चोर है और लगातार तीन साल जेल में रहने के बाद मई के प्रथम सप्ताह में बाहर आया था जिसके बाद उसने फिर से चोरी की वारदात करना शुरू कर दी।
आरोपी के खिलाफ लखनऊ, अमेठी जिले में वाहन चोरी के कई मामले पहले से दर्ज हैं। इस मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में रहे कोतवाल पीके तिवारी, एसआई विवेक सिंह, प्रेमचंद आदि पुलिस टीम को एसपी ने पुरस्कृत करने की बात कही है।