बहराइच से सवारियां लेकर लखनऊ जा रही रोडवेज बस की डीसीएम से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में डीसीएम चालक की मौत हो गई। बस में सवार करीब बीस यात्री घायल हो गए। इनमें पांच यात्री गंभीर हैं।
इन्हें जिला अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद बहराइच मार्ग पर जाम लग गया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रामनगर थाना क्षेत्र में रामपुर खरगी गांव के पास बहराइच हाईवे पर मंगलवार दोपहर लखनऊ की ओर जा रही रोडवेज की एसी बस व डीसीएम में आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की भीड़ लग गई। इस बीच जपुलिस ने किसी तरह से घायलों को बस से बाहर निकलवाकर सीएचसी व जिला अस्पताल भेजवाया। हादसे में डीसीएम चालक संदीप मौर्या (32) निवासी कस्बा बदोसराय की मौत हो गई।
जबकि घायलों में बस चालक लवकुश (28) निवासी ग्राम लहबड़पुरवा थाना जहांगीराबाद, बस परिचालक सीताराम गुप्ता (50) निवासी ग्राम बीबीपुर थाना जैदपुर व जकरिया कद्दूस (17) पुत्र महफूज निवासी मोहल्ला केडीसी बहराइच शहर, शिवांस (16) पुत्र नृपेंद्र मिश्रा निवासी मोहल्ला केडीसी बहराइच शहर व दिनेश उपाध्याय (18) निवासी ग्राम रत्नापुर थाना पयागपुर जिला बहराइच को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बस यात्री कफील खान, सीबा, फैसल,सुनील, अराधना निवासी बहराइच, रज्जन मिश्रा, शिवम मिश्रा निवासी ग्राम कोठीपुरवा कोतवाली नगर बहराइच, दिनेश भीखरगंज बहराइच, जैद हुसैन इनकी पत्नी असीबा व बेटी वजीहा निवासी चांदपुरवा बहराइच व अशोक अग्रवाल निवासी जुबलीगंज बहराइच समेत करीब बीस सवारियों को चोट पहुंची है।