रंजीतपुर गांव में रविवार देर शाम दहेज लोभियों ने एक विवाहिता को मारकर उसका शव फंदे से लटका दिया। इसके बाद मृतका के ससुर ने ही उसका शव फंदे से उतारा और ग्रामीणों को खबर दी कि उसकी बहू ने आत्महत्या कर ली।
ग्रामीणों की सूचना पर सोमवार सुबह पहुंचे मृतका के पिता ने ससुरालीजनों को दहेज के लिए बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के ग्राम रंजीतपुर में रविवार देर शाम विवाहिता सुद्दन (20) पत्नी राममनोहर उर्फ नन्हू का शव घर के अंदर बेड पर पड़ा पाया गया। मृतका (सुद्दन) के ससुर देवीसरन ने बताया कि उसकी बहू सुद्दन ने फांसी लगाकर जान दे दी है।
हमने ही शव को फंदे से उतारा है। ग्रामीणों ने सुद्दन के मौत की सूचना उसके मायके वालों को दी। इस पर मृतका (सुद्दन) के पिता मेवालाल निवासी ग्राम नयापुरवा थाना कटरा बाजार जिला गोंडा परिवारीजनों के साथ सोमवार सुबह मौके पर पहुंचे।
पिता मेवालाल ने बताया कि दो साल पहले उसने बेटी की शादी राममनोहर से की थी। मांग के अनुसार दहेज भी दिया। लेकिन उसके बाद भी बेटी के ससुराल वाले दहेज के लिए उसे अक्सर प्रताड़ित करते थे। कहा कि उसकी बेटी की हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया गया है।
ग्रामीणों का यह भी कहना था कि मृतका के पेट, कान के पास चोट के निशान थे और मुंह से भी खून आ रहा था। सोमवार की सुबह पुलिस, तहसीलदार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा भर कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मेवालाल की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू की है।
मृतका के पति ने कहा पूरा परिवार शादी में गया था
मृतका (सुद्दन) के पति राममनोहर ने बताया कि उसकी पत्नी ने फांसी लगाई है। घर में पत्नी सुद्दन व पिता देवीसरन ही थी। वह और अन्य परिवारीजन सीतापुर मामा के यहां शादी में गए हुए थे। वहीं ग्रामीण सूत्रों का कहना है कि शाम तक ये लोग घर पर ही थे उसके बाद ही सीतापुर गए हैं। ग्रामीणों में इस बात कि भी चर्चा थी कि मृतका दोपहर से ही घर के बाहर नहीं निकली।
वर्जन-
विवाहिता की मौत मामले में उसके पिता की तहरीर पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
-रिजवान अब्बास, थानाध्यक्ष मोहम्मदपुर खाला