जैदपुर(बाराबंकी)। एक गोदाम में रखी हरियाणा व अरुणांचल प्रदेश की 713 पेटी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है जिसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा में मुकदमा दर्ज हुआ है।
जैदपुर कस्बे के मोहल्ला गढ़ी कदीम में बुधवार की रात पुलिस ने छापेमारी कर आशुतोष जायसवाल पुत्र श्रीनाथ जायसवाल के गोदाम में रखी हुई भारी मात्रा में शराब बरामद की। देररात्रि में हुई छापेमारी से मोहल्ले में हड़कंप मच गया। कस्बा इंचार्ज विनय सिंह ने बताया कि मुखबिर द्वारा सूचना मिली थी गोदाम में एक दिन पहले डीसीएम से अवैध शराब बाहर से आई है जिस पर छापेमारी की तो 713 पेटी शराब बरामद की है। बरामद शराब हरियाणा व अरुणांचल प्रदेश की बनी बताई जा रही है। पुलिस ने शराब को कब्जे में लेकर गोदाम को सीज कर दिया है।
गैर प्रदेश में बनी डाल्फिन डीलक्स नाम की यह शराब जिले में खपाने की तैयारी थी। आरोपी आशुतोष जायसवाल का एक शराब ठेका है जिसमें इसकी बिक्री होने की बात बताया जा रहा है। इससे पहले भी यहां अवैध तरीके से बाहर के प्रदेशों से लाई गई शराब मिली है लेकिन इसके मास्टर माइंड को पुलिस आज तक नहीं तलाश सकी है।