जमीन के लालच में एक बेटे ने अपने पिता को कुल्हाड़ी से काट डाला। सतरिख थाना क्षेत्र के गोकुलपुर गांव में हुई इस वारदात के बाद आरोपी पुत्र मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पुलिस के अनुसार बेटे को शक था कि उसके पिता अपनी संपत्ति उसे न देकर बहनों को दे देंगे, जिसके चलते उसने ये वारदात अंजाम दे दी।
सतरिख के गोकुलपुर गांव निवासी शारदा प्रसाद वर्मा (70) शनिवार शाम अपने घर के बाहर बैठे थे। तभी उनके इकलौते पुत्र रामानंद वर्मा ने कहा कि मुझे राशन कार्ड व जमीन के कागजात चाहिए। शारदा प्रसाद ने जब बेटे को कागजात देने से मना किया तो वह झगड़ने लगा। इसके बाद रामानंद घर से कुल्हाड़ी ले आया और पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस घटना में वृद्ध शारदा प्रसाद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पिता की हत्या के बाद आरोपी पुत्र मौके से भाग निकला। ग्रामीणों को जब इस वारदात की भनक लगी तो थाने में खबर दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह सेंगर ने बताया कि आरोपी पुत्र अपने पिता से उनकी 20 बीघा जमीन का बैनामा करने की बात कह रहा था। एसओ ने कहा कि आरोपी रामानंद नशेड़ी है और उसकी चार बहनें हैं।
शारदा प्रसाद बेटियों को ज्यादा तवज्जो देते थे। इस वजह से रामानंद को ये आशंका थी कि उसके पिता अपनी 20 बीघा जमीन व अन्य संपत्ति उसे न देकर चारों बहनों को दे देेंगे। इसी बात को लेकर उसने पिता की हत्या कर दी। एसओ ने कहा कि आरोपी बेटे को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।