सड़क हादसों में आठ लोगों की जान चली गई। इन हादसों में करीब 35 लोग घायल भी हुए हैं। हैदरगढ़, देेवा, मोहम्मदपुर खाला, रामसनेहीघाट व फतेहपुर क्षेत्रों में हुए हादसों में घायल हुए लोगों में सेे छह को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ भेजा गया है।
हैदरगढ़ प्रतिनिधि के अनुसार अमेठी के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के ग्राम फूला से प्रतिमा विसर्जन के लिए शुक्रवार को ट्रॉली में सवार होकर 35 लोग हैदरगढ़ के औसानेश्वर घाट पर आ रहे थे। अमेठी व बाराबंकी बार्डर पर चिलूला गांव के पास सड़क में गड्ढा होने के कारण ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में फूला गांव निवासी अजय पुत्र जंगबहादुर की मौके पर मौत हो गई। जबकि गंगा, रामलखन, बबलू, मुन्ना, शंकर, शीतल, नन्हें, नथछेद, दुर्गेश, मोनू, मुन्ना, श्याम, रामसमुझ, मोहित, स्वरूपे, लवकेश, रामलाल, विनय, आशीष, महेश, छोटू, सुधीर, सत्यम, दीपक, विमल आदि घायल हो गए। सभी को सीएचसी हैदरगढ़ में भर्ती कराया गया। जहां गंगा, रामलखन, बबलू, मुन्ना आदि को गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। फूला गांव के ग्राम प्रधान अमृतलाल ने बताया कि ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान गंगा (70) की भी मौत हो गई। सभी घायल फूला गांव के निवासी हैं।
फतेहपुर प्रतिनिधि के अनुसार तुलसीपुर गांव थाना रामपुर मथुरा, सीतापुर निवासी अशोक कुमार (50) बृहस्पतिवार को बाइक से फतेहपुर आ रहा था। मोहम्मदपुर खाला के झंझरा चौराहे पर बाइक से टकरा गया। इससे अशोक घायल हो गया। सीएचसी में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हैदरगढ़ प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के गोतौना गांव के पास सुल्तानपुर-लखनऊ मार्ग पर बीती रात 30 वर्षीय एक अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। कोतवाल चंद्रशेखर सिंह का कहना है कि किसी वाहन की टक्कर से युवक की मौत हुई है। उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।
हैदरगढ़ क्षेत्र में लखनऊ-सुल्तानपुर मार्ग पर चौबीसी गांव के पास शनिवार रात चार वाहन आपस में भिड़ गए। हादसे में पिकअप चालक चिन्नी (30) निवासी ग्राम बहरौली थाना नगराम जिला लखनऊ की मौत हो गई है। जबकि पिकअप पर ही सवार नीतीश व प्रेमचंद निवासी ग्राम भवनियापुर थाना लोनीकटरा व शंभू निवासी भोला का पुरवा थाना नगराम लखनऊ गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों को सीएचसी हैदरगढ़ से ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। इस दौरान आपस में टकराने वाले अन्य वाहनों में सवार किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं पहुंची है।
रामसनेहीघाट प्रतिनिधि के अनुसार ग्राम गोकुलापुर निवासी बरातीलाल (55) गुरुवार रात सड़क पार कर रहा था। तभी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। ग्रामीणों ने बरातीलाल को सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
देेवां प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के ग्राम सालेनगर निवासी महेश (33) पुत्र अशर्फीलाल शुक्रवार शाम साइकिल से अपने घर से देवा जा रहा था। सिद्घेश्वर नाथ मंदिर के पास पीछे से आ रही कार साइकिल में टक्कर मारकर भाग गई। स्थानीय लोगों ने महेश को सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, बेलहरा के कुछ लोग गुरुवार को मूर्ति विसर्जन के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली से लौट रहे थे। रास्ते में मोड़ पर ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से बेलहरा निवासी रितिक सोनी व रामू उसके नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हैदरगढ़ प्रतिनिधि के अनुसार शुक्रवार रात को रायबरेली के थाना शिवगढ़ के मेवाजीपुर निवासी राजेश कुमार उर्फ राजू बाइक से लखनऊ से आ रहा था। लखनऊ मार्ग पर गौतौना पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से राजेश की मौके पर मौत हो गई। उधर, सुल्तानपुर नगर कोतवाली क्षेत्र के निराला नगर निवासी रामबरन अपनी पत्नी शांती के साथ लएखनऊ से सुल्तानपुर लौट रहे थे। लोनीकटरा के पास टायर फटने से अनियंत्रित कार खड्ड में पलटने से दोनों घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सीएचसी पहुंचाया गया जहां से उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।