जहांगीराबाद क्षेत्र में हुए हादसे में मैजिक चालक घायल, ट्रॉमा रेफर
- फोटो : अमर उजाला
बाइक से शनिवार की देर रात लखनऊ लौटते समय कोहरे के चलते बाइक सवार सड़क किनारे गड्ढे में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने घायल को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक लखनऊ जनपद के गोसाईगंज का निवासी बताया जा रहा है। वहीं दूसरा हादसा जहांगीराबाद थाने के पास हुआ। हादसे में मैजिक चालक को गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
लखनऊ के थाना गोसाईगंज क्षेत्र के ग्राम भदुआ निवासी अमर नाथ (40) पुत्र बृज बहादुर शनिवार को हैदरगढ़ अपनी रिश्तेदारी में आया हुआ था। देर रात बाइक से लखनऊ घर वापस लौट रहा था। लोनीकटरा थाना क्षेत्र के मोधू पुरवा मोड़ के पास सामने से आ रहे एक ट्रक को क्रॉस करने व कोहरे के कारण सड़क के किनारे गड्ढा दिखाई न देने से युवक मय बाइक समेत खंती में गिर गया।
हादसे के बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। कराहने की आवाज सुनकर राहगीरों ने उसे खंती से बाहर निकाल कर 108 एंबुलेंस की मदद से सीएचसी त्रिवेदीगंज पहुंचाया।
जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक के पास मिले मोबाइल फोन से पुलिस ने परिवारीजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जहांगीराबाद प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के मिश्रीपुर निवासी सचिन (30) पुत्र स्व. रामप्रकाश टाटा मैजिक चालक है।
रविवार की सुबह करीब छह बजे वह मैजिक लेकर शहर की ओर जा रहा था। जहांगीराबाद थाने के पास घने कोहरे के चलते सामने से आ रही ट्रक से मैजिक टकरा गई। इससे मैजिक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।