विधानसभा भोजपुर के गांव जरारी में बीते दिन बसपा और सपा समर्थकों के बीच हुई फायरिंग के बाद हुई पुलिस की एक पक्षीय कार्रवाई से तनाव बरकरार है। तनाव को लेकर दूसरे दिन भी गांव में पुलिस बल तैनात रहा। वहीं पुलिस ने पकड़े गए हमलावरों का शांतिभंग के आरोप में चालान कर दिया। हालांकि अभी दूसरे पक्ष से रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। गांव जरारी में बीते दिनों बसपा प्रत्याशी का होर्डिंग फाड़ने के बाद उपजे विवाद के चलते शनिवार को बसपा और सपा समर्थकों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग हुई थी।
घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची जहानगंज पुलिस ने एक पक्ष से शादाब के भाई इमरान और दूसरे पक्ष से आजम के भाई रियासत को हिरासत में लिया था। सूचना मिलने पर एडीएम और एएसपी समेत कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया था। एक पक्ष से इमरान पुत्र अब्बास ने अब्बास उर्फ गुड्डू महाराज, मुस्तकीन, रियासत व सत्तार और दूसरे पक्ष से आजम पुत्र अब्बास उर्फ गुड्डू महाराज ने शादाब खां, अकरम, इरशाद और नन्हें के खिलाफ तहरीर दी थी।
सत्ता पक्ष के दबाव में पुलिस ने शादाब, अकरम, इरशाद और नन्हें के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। ऐहतियात के तौर पर पुलिस अधीक्षक के आदेश पर गांव में फोर्स तैनात कर दिया गया था। रविवार को थाना पुलिस ने इमरान और रियासत का शांतिभंग में चालान कर दिया। वहीं सत्ता पक्ष के दबाव में एक पक्षीय कार्रवाई होने से गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
रविवार को दोनों पक्षों के घरों पर सिर्फ महिलाएं ही मौजूद थीं। पुरुष घरों में नहीं थे। एसओ जहानगंज जितेंद्र यादव ने बताया कि इमरान और रियासत का शांतिभंग में चालान कर दिया है। मुकदमा जरूर दर्ज कर लिया गया है लेकिन किसी भी निर्दोष के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी।