बाराबंकी। शुक्रवार को बड्डूपुर थाना क्षेत्र के ममरखा मजरे सालेपुर गांव में हुई मारपीट में बाबू की मौत के बाद रोते बिलखते परिवारीजन।
- फोटो : अमर उजाला
ममरखापुर मजरे सालेपुर गांव में बृहस्पतिवार की रात एक बुजुर्ग दुकानदार द्वारा उधारी का पैसा मांगने पर गांव के ही कुछ लोगों ने उसे घर से घसीट कर लाठी डंडों से बुरी तरह पीट दिया। बचाने आए बुजुर्ग के दोनों बेटों पर भी जमकर लाठियां बरसाई गईं। जिसमें वह भी घायल हो गए। परिवारीजनों ने घायलों को सीएचसी घुंघटेर पहुंचाया।
बुजुर्ग दुकानदार व उसके एक बेटे की हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान बुजुर्ग दुकानदार की मौत हो गई। घायल युवक द्वारा चार लोगाें के खिलाफ नामजद तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी फरार हैं।
बड्डूपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ममरखापुर मजरे सालेपुर निवासी बाबू (60) की गांव में ही परचून की दुकान है। मारपीट में घायल वकील (22) पुत्र बाबू ने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम गांव का ही सोनू दुकान पर उधारी मांगने आया था। इस पर दुकान पर मौजूद पिता बाबू ने सोनू से कहा कि तुम्हारा पहले ही उधारी है।
पहले की उधारी चुकता करो इसके बाद ही आगे उधार सामान देंगे। इस पर नशे में धुत सोनू ने झगड़ा शुरू कर दिया। दुकान के आसपास मौजूद लोगों ने समझाकर मामले को शांत करा दिया। कुछ घंटे बाद सोनू अपने साथ दिलीप, प्रदीप व अशोक के साथ बाबू के घर में घुस उसको घर के बाहर घसीट लाया और लाठी डंडे से जमकर पीट दिया।
बचाने के लिए बाबू के बेटे शफीक व वकील आए तो लाठी डंडों से उन्हें भी धुन दिया। परिवारीजनों ने घायलों को सीएचसी घुंघटेर पहुंचाया। बाबू व शफीक की हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान बाबू की मौत हो गई। घायल बेटे वकील की नामजद तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।