विवाह के तीन साल बाद भी दहेज में बाइक न मिलने की मांग न पूरी होने पर एक महिला की उसके पति व ससुर ने जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि पति ने तीन तलाक की धमकी दी है। मामले की शिकायत पर पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई करने का आश्वासन पीड़ित महिला को दिया है।
टिकैतनगर थाना क्षेत्र के सराय नेतामऊ गांव निवासी अफसाना पत्नी हनीफ ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया है कि मेरा विवाह तीन वर्ष पूर्व हुआ था। पीड़िता का कहना है कि पिता खिदिर मोहम्मद ने विवाह में काफी खर्च किया था। लेकिन पति हनीफ व ससुर साबित अली विवाह के बाद से ही दहेज में बाइक न देने की बात कहकर आए दिन ताने मारने के साथ पिटाई करते थे।
पीड़िता कहना है कि इस बीच दो बच्चे होने के बाद भी पति व ससुर का बर्ताव नहीं बदला। महिला का कहना है कि शुक्रवार को तबियत खराब होने के चलते पति से दवा दिलाने को कहा लेकिन पति व ससुर ने जमकर पिटाई करने के बाद घर से भगा दिया और कहा कि जब बाइक लेकर आओगी, तभी रखेंगे नहीं तो तलाक दे दिया जाएगा।
इस बारे में पीड़िता ने अपने पिता को बताया, जिसके बाद उन्होंने भी ससुरालीजनों को समझाने का प्रयास किया लेकिन बात नहीं बन सकी। जिसके बाद पीड़िता ने शनिवार को पुलिस से शिकायत कर मामले में कार्रवाई की मांग किया है। थानाध्यक्ष राधा रमण सिंह का कहना है कि मामले में दो पक्षों को बुलाया गया है। कहा पहले समझौता कराने का प्रयास होगा बात न बनने पर रिपोर्ट दर्ज कर उचित कार्रवाई होगी।