कोठी थाना क्षेत्र में भानमऊ चौराहे पर बुधवार को नहर पटरी पर अतिक्रमण हटाने गई सिंचाई विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। नाराज ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से जमकर मारा पीटा और सिंचाई कर्मियों की गाड़ियां में तोड़फोड़ की। हमले में सिंचाई विभाग के अभियंता व जेई और सींचपाल जख्मी हो गए। मामले में कार्रवाई के लिए पुलिस से शिकायत की गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, कोठी थाना क्षेत्र के भानमऊ चौराहे पर नवाबगंज रजबहा की पटरी पर कई दुकानदार अपनी दुकानें चला रहे हैं जिन्हें लगभग 15 दिन पूर्व सिंचाई विभाग द्वारा नोटिस भेजकर दुकानें हटाने की चेतावनी दी गयी थी। इसके बाद भी नवाबगंज रजबहा की पटरी से दुकानें नहीं हटायी गईं। जिसको लेकर बुधवार को अधिशासी अभियंता सुुप्रभात सिंह की अगुवाई में टीम जेसीबी लेकर अपनी टीम के साथ दुकानें हटवाने गई।
तभी टीम जैसे ही अनवर मोटर साइकिल मिस्त्री व कफील होटल को जेसीबी से हटाने लगी तभी कई दुुकानदार लाठी डंडा लेकर आ गए और सिंचाई विभाग के अफसरों को दौड़ा लिया। इस दौरान जेई संदीप व सींचपाल अभिषेक की पिटाई कर दी गई। मामले की जानकारी पर पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो गये। पुलिस फोर्स को देखकर यहां के सभी दुकानदारों ने अपनी अपनी दुकानें बंद कर विरोध जताना शुरू किया है। वहीं अधिशासी अभियंता की कार का शीशा भी तोड़ दिया गया जिससे अधिशासी अभियंता सुप्रभात सिंह को भी मामूली चोट आई है।