बाराबंकी। पुलिस की बर्बरता का शिकार हुई महिला के शव का अंतिम संस्कार उसके गांव में मंगलवार शाम किया गया। अंतिम यात्रा में सभी की आंखें नम रहीं। यहां पर हजारों की संख्या में मौजूद लोगों में गम व आक्रोश व्याप्त है। इस दौरान माहौल बिगड़ने से बचाने के लिए कई थानों की पुलिस व पीएसी के साथ ही डीएम व एसपी भी मौके पर ही मौजूद रहे।
डीएम ने दिया पांच लाख का चेक
मृतक महिला के पति रामनरायन को डीएम योगेश्वर राम मिश्र ने वहीं पांच लाख रुपये का चेक दिया है। मुआवजा की अन्य धनराशि डीएम ने दो दिन बाद देने की बात कही है। डीएम ने पीड़ित परिवार को विश्वास दिलाया कि दोषी पुलिस कर्मी जल्द ही जेल की सलाखों के पीछे पहुंचेंगे।
आईजी व डीआईजी ने लिया घटनास्थल का जायजा
कोठी थाने में जहां पर महिला को जिंदा जलाया गया था वहां मौके पर मंगलवार को आईजी जकी अहमद व डीआईजी वीके गर्ग भी पहुंचे। यहां पर दोनों अधिकारियों ने थाने में बैठकर पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद आईजी ने थाने के कई पुलिस कर्मियों व आस पास के लोगों से इस बारे में पूछताछ भी की है।