दरोगा की बेटी बोली- पापा को प्रताड़ित कर रहे हैं एएसपी
बाराबंकी। पुलिस महकमे में तैनात एक दरोगा की बेटी ने एएसपी पर पापा को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक ऑडियो में एएसपी व दरोगा की बातें सामने आई हैं। हालांकि एएसपी का कहना है कि, उन्होंने दरोगा को परेशान नहीं किया है।
बताते चलें कि कोठी थाने में तैनात रहे दरोगा अनिल द्विवेदी को एक मामले में लाइन हाजिर कर दिया गया था। जिसके बाद दरोगा ने अपना इस्तीफा एसपी को सौंप दिया था। बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल होने से करीब छह माह पुराने इस मामले की यादें फिर ताजा हो गई हैं।
इस ऑडियो में तत्कालीन एएसपी उत्तरी दिगंबर कुशवाहा व दरोगा अनिल द्विवेदी की बेटी के बीच फोन पर बातचीत हो रही है। इसमें दरोगा की बेटी ने एएसपी पर आरोप लगाते हुए कहा है कि, वह पापा को प्रताड़ित कर रहे हैं।
एएसपी ने जब दरोगा की बेटी से सख्त लहजे में बात की तो उसने एएसपी पर आरोप लगाते हुए परिवार के साथ कोई भी अप्रिय घटना होने पर उन्हें जिम्मेदार ठहराने की बात कही है।
कई माह पुराना ये ऑडियो गुरुवार को चर्चा का विषय बना रहा। एएसपी दिगंबर कुशवाहा का कहना है कि, उनके द्वारा किसी दरोगा को परेशान नहीं किया गया है। एएसपी ने कहा कि, दरोगा की बेटी से भी उन्होंने बहुत अच्छे तरीके से बात करते हुए सिर्फ समझाया है।