कस्बा देवा के कुर्सी रोड पर किराना व्यवसायी मनोज ट्रेडर्स के यहां बुधवार दोपहर करीब 12 बजे आयकर विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर भरत अवस्थी व जिला आयकर अधिकारी एसके श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम ने छापा मारा। इस दौरान अधिकारियों ने मनोज ट्रेडर्स की दुकानों व गोदामों की भी कई घंटे तक चली जांच में चार करोड़ का सामान बरामद किया। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि बरामद सामान का कोई अभिलेख व्यापारी नहीं दिखा सके और यहां से सवा दो लाख की नगदी मिली।
जो बिक्री की होने के कारण व्यापारी को वापस कर दिया गया। समाचार लिखे जाने तक जांच जारी रही। इस कार्यवाही के दौरान विभाग व पुलिस बल के अधिकारियों ने किसी को भी दुकान के आस-पास भटकने नहीं दिया। दुकान के स्वामी मनोज जायसवाल से अधिकारियों ने कड़ी पूछताछ की है।
नगर पंचायत देवा निवासी किराना व्यवसायी मनोज जायसवाल अपनी फर्म मनोज ट्रेडर्स के जरिए घी, तेल, शक्कर, मैदा, रिफाइंड़ आदि का कारोबार करते हैं। कस्बे के बड़े व्यापारियों में शुमार मनोज जायसवाल की दुकान पर दोपहर 12 पहुंच टीम के साथ स्थानीय कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार सिंह, कस्बा इंचार्ज नैमिष कुमार सिंह सहित भारी मात्रा में पुलिस बल मौजूद रहा।