हादसों में भाई-बहन समेत चार की मौत
रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में भाई-बहन समेत चार लोगों की जान चली गई। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मृतकों के शव का पोस्टमार्टम करवाया है।
कोतवाली रामसनेहीघाट क्षेत्र के लखनऊ-फैजाबाद मार्ग पर मंगलवार को सुबह करीब 6 बजे पावार हाउस के निकट एक ढाबे के पास बाइक से जा रहे सेक्टर ए जानकीपुरम लखनऊ निवासी सुशील पांडेय (19) पुत्र रामदयाल पांडेय व इनकी दो सगी बहनें रेनू (18) व आंशी पांडेय (10) को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिसके चलते बाइक हाईवे पर असंतुलित होकर डिवाइडर में जा टकराई। इस हादसे में जहां सुशील पांडेय की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसकी दोनों बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं। जिन्हें जिला अस्पताल लाया गया जहां से लखनऊ भेजी गई आंशी पांडेय ने भी दम तोड़ दिया जबकि दूसरी बहन रेनू का इलाज चल रहा है। मृतक के पिता रामदयाल पांडेय ने बताया कि वह फैजाबाद जिले के थाना कुुमारगंज के बेनीदत्त पांडेय का पुरवा गांव के निवासी हैं और लखनऊ के जानकारीपुरम में रहते हैं। बताया कि मेरे दो बेटी व एक बेटा हैं ये तीनों अपनी मौसी के घर जनपद बस्ती जा रहे थे, जहां रास्ते में हादसे का शिकार हो गए। दो बच्चों की मौत से पूरे परिवार में गम का माहौल व्याप्त है। सुशील बीएससी की पढ़ाई करने के साथ निजी नौकरी भी कर रहा था। कोतवाल श्याम सुंदर पांडेय का कहना है कि हादसे के समय युवक हेलमेट पहनकर बाइक चला रहा था, लेकिन डिवाइडर से टकराने से उसकी जान चली गई।
वहीं दूसरा सड़क हादसा भी कोतवाली रामसनेहीघाट क्षेत्र के पूरे शुक्लान हथौंधा गांव के निकट सोमवार को हुआ। यहां पर क्षेत्र के बीर मजरे उमरापुर रायसाहब गांव निवासी लगभग प्रेमशंकर (55) गांव के ही अपने साथी बब्बन उर्फ रमाशंकर श्रीवास्तव के साथ बाइक से रामनगर के लिए निकले थे तभी ट्रक ने बाइक मेें टक्कर मार दी जिससे ट्रक में फंस कर काफी दूर तक बाइक व दोनों लोग घिसटते रहे। इस हादसे में जहां प्रेम शंकर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई वही बब्बन उर्फ रमाशंकर का पैर टूट गया तथा वह गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है जहां पर उनकी हालत नाजुक बताई गई है। पुलिस ने हादसा करने वाले ट्रक को पकड़ लिया है जबकि उसका चालक भाग निकला है। कोतवाल श्यामसुन्दर पांडेय ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।
उधर मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के ग्राम रिछलापुरवा निवासी विपिन (22) पुत्र विनोद पांडेय मंगलवार को बाइक से सूरतगंज किसी काम से गया था। तीन बजे वह वापस घर लौट रहा था कि तभी गोड़ियनपुरवा गांव के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उसे रौंद दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़ मौके फरार हो गया। युवक की मौके पर ही मौत होने की सूचना पर पहुंचे परिवारीजनों ने शव को सड़क पर रख हंगामा करने लगे। चालक को गिरफ्तार किए बिना पोस्टमार्टम के लिए न भेजने की जिद पर अड़ गए। सीओ राजेश यादव मौके पर पहुंचकर ट्रक को कब्जे में लेने और जल्द चालक को पकड़कर कार्रवाई किए जाने का आश्वसन दिया तब परिवारीजनों ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।