अनियंत्रित कार गड्ढे में पलटी, एक की मौत पांच घायल
बाराबंकी। एक तिलक समारोह से लौट रहे लोगों की कार दरियाबाद क्षेत्र में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पांच लोग घायल हुए जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक यह हादसा रविवार देर रात दरियाबाद थाना क्षेत्र में कोटवा मार्ग पर हुआ। क्षेत्र के खजुरी जगदीशपुर निवासी मनीराम के बेटे का तिलक समारोह था। इसमें शामिल होने के बाद उनके रिश्तेदार कार से घर जा रहे थे। इसी दौरान उटवा गांव के पास कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गयी। इस हादसे में कार सवार खजुरी, जगदीशपुर निवासी मनीष की पुत्री जूली (16), उस्मानपुर कोठी निवासी अवधेश कुमार (40), वजउद्दीनपुर निवासी वीरेंद्र (42), आनंद कुमार (18) व त्रिलोकी (55) तथा उदवतपुर निवासी वेद प्रकाश (28) घायल हो गए।
चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने घायलों को आनन-फानन में सीएचसी मथुरानगर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस दौरान रास्ते में त्रिलोकी की मौत हो गई। अन्य घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शहर कोतवाल धर्मेद्र सिंह ने बताया जिला अस्पताल से मिली हादसे की सूचना पर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।