बारिश के बावजूद दिखा योग का उत्साह
जीआईसी मैदान में प्रभारी मंत्री, सांसद व विधायकों ने किया योग
अमर उजाला ब्यूरो
बाराबंकी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का उत्साह बुधवार को लोगों के सिर चढ़कर बोला। सुबह आयोजन स्थलों पर भारी भीड़ दिखी। बूंदाबांदी और फुहारों के बीच योग का महाकुंभ लगा। जिले के प्रभारी मंत्री, विधायक, प्रशासनिक अधिकारियों के साथ लोगों ने योगाभ्यास किया। इसके साथ ही जीवन में योग अपनाने का संकल्प लिया।
राजकीय इंटर कॉलेज के ऑडीटोरियम में आयोजित योग कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री दारा सिंह पहुंचे। सुबह तो भीड़ कम थी मगर, बारिश के थमने तक पूरा ऑडीटोरियम भर गया। योग आयुर्वेद एवं दर्शन आचार्य डॉ. शशि कुुमार अवस्थी ने संस्कृत वंदना के साथ योग शुरू कराया। जिसमें चालन क्रिया, शिथिलकरण व्यायाम, योगासन, कपालभांति, प्राणायाम, ध्यान, संकल्प व शांति पाठ कराया गया। प्रदेश में योग को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली से आए योग के राष्ट्रीय चैंपियन रितिक योग के करतब कार्यक्रम का आकर्षण रहे। योग के बाद मुख्य अतिथि वन व उद्यान मंत्री दारा सिंह ने कहा कि योग गंभीर बीमारियों में बिना दवा के इलाज का काम करता है। योग से मन का शांति मिलती है। यूनाइटेड़ नेशन में योग की मान्यता को लेकर प्रभारी मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद भी ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका में प्रतिदिन दो करोड़ लोग योगा करते हैं। कार्यक्रम के अंत में प्रभारी मंत्री ने सांसद प्रियंका रावत व योग में भाग लेने आने वाले सभी लोगों को स्टाल के माध्यम से एक-एक पौधा दिया गया। सांसद प्रियंका रावत, विधायक शरद अवस्थी, सतीश शर्मा, बैजनाथ रावत, उपेंद्र रावत, डीएम अखिलेश तिवारी, एसपी अनिल कुमार सिंह, सीडीओ अंजनी कुमार सिंह, एडीएम अनिल कुमार सिंह, उपकृषि निदेशक डॉ. एसपी सिंह, डीआईओएस रामशरण सिंह, बीएसए पीएन सिंह आदि जिला स्तरीय अधिकारी व कर्मचारी के साथ आम नागरिक व महिलाओं ने योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
भौतिक व आंतरिक जीवन को स्वस्थ रखने के लिए योग जरूरी
पतंजलि योग समिति द्वारा नगर पालिका में आयोजित योगा कार्यक्रम की शुरुआत डीएम अखिलेश तिवारी ने मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन कर किया। डीएम ने कहा कि भौतिक व आंतरिक जीवन को स्वस्थ रखने के लिए योग जरूरी है। यम, नियम, संयम, आसन, प्रत्याहार, प्राणायाम, ध्यान, धारणा के संबंध में बताया। उसके बाद पंतजलि योग समिति के जिला प्रभारी रामस्वरूप यादव के संचालन में योगा कराया गया। उसके बाद सभी साधकों को योगा का संकल्प दिलाया गया।