साढ़े तीन सौ ग्राम मारफीन बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
- एक तस्कर को छुड़ाने के लिए ग्रामीणों ने थाने में किया हंगामा
जैदपुर (बाराबंकी)। दो थानों की पुलिस ने क्षेत्र में गश्त के दौरान साढ़े तीन सौ ग्राम मारफीन समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक तस्कर को निर्दोश बताते हुए ग्रामीणों ने उसे छोड़ने के लिए थाने पर हंगामा भी किया। पुलिस ने दोनों को जेल भेजा है।
जैदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मुरलीगंज में कई सालों से थाना घुंघेटर के पिसयावां निवासी शफीक रह रहा था। शनिवार को रात को पुलिस ने खालिकपुरवा गांव के पास शफीक को सौ ग्राम मारफीन समेत पकड़ा था। इस बात से नाराज होकर ग्राम प्रधान मुरलीगंज व ग्रामीणों ने थाने के बाहर जमा होकर पुलिस पर फर्जी तौर पर फंसाने का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया लेकिन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर रविवार को उसे जेल भेज दिया। इसके बाद रविवार को ग्रामीणों ने एसपी कार्यालय शिकायत करने पहुंचे लेकिन कोई अधिकारी के न मिलने से सभी लौट गए। प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह ने बताया आरोपी क्षेत्र के किसी बड़े तस्कर के लिए मारफीन पहुंचाने का काम करता है। वहीं थाना जहांगीराबाद एसओ अशोक कुमार ने बताया कि हारिश निवासी ग्राम टिकरा मुर्तजा थाना जैदपुर को मझलेपुर मोड़ ग्राम बनवा से 250 ग्राम मारफीन के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया जहां से वह जेल भेजा गया है। पुलिस की माने तो दोनों तस्करों के पास से बरामद मारफीन की विदेशी बाजार में कीमत करीब 35 लाख रुपये होगी।