पुरानी रंजिश में भिड़ेे दो पक्ष, सात घायल
बाराबंकी। रंजिश को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई जिसमें सात लोग जख्मी हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाने के साथ मामले की जांच शुरू की है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम उरगदिया में सोमवार को सहन की जमीन की कहासुनी के बाद दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इस घटना में एक पक्ष से मनोज व दूसरे पक्ष से सुरेश चन्द्र समेत शिवबरन, राजकुमारी, मीनाकुमारी, शिवबहार आदि घायल हो गए। विवाद में दोनों पक्षों के बीच लाठी, डंडे, हसिया, बांका आदि से वार किया गया। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने विवाद शांत कराते हुए सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया है। शहर कोतवाल धर्मेद्र सिंह रघुवंशी ने बताया मारपीट में दोनों पक्ष के सात लोग घायल हुए है। पुलिस जांच कर रिपोर्ट दर्ज करेगी।