रैबीज पीड़ित मासूम ट्रॉमा सेंटर रेफर
क्रासर
- दो माह पूर्व कुत्ता काटने का नहीं लगा था इंजेक्शन
अमर उजाला ब्यूरो
जैदपुर (बाराबंकी)। एक गांव में कुत्ता काटने के बाद एंटी रैबीज का इंजेक्शन न लगवाने से सात साल के एक मासूम रैबीज से ग्रसित हो गया। जिसे सीएचसी से जिला अस्पताल भेजा गया जहां से उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
जैदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बरौली मुल्लवी निवासी राजू के सात वर्षीय पुत्र शैलेंद्र को बीते दो माह पूर्व गांव के बाहर कुत्ते ने काट लिया था। एंटी रैबीज का इंजेक्शन न लगने से बच्चे की तबीयत धीरे-धीरे बिगड़ने लगी। गुरुवार को हालत बिगड़ने पर उसे सीएचसी ले जाया गया तो चिकित्सकों ने उसे रैबीज ग्रसित होने की बात कहकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में दो घंटे तक पीड़ित अपने बेटे को लेकर इलाज के लिए भटकता रहा, लेकिन उसे किसी ने हाथ तक नहीं लगाया। बाद में चिकित्सकों ने उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। इस संबंध में ईएमओ डॉ. राघवेंद्र सिंह ने बताया कि बच्चे के मुंह से लार गिर रही थी। रैबीज फैलने से उसका इलाज यहां संभव नहीं था इसलिए उसे रेफर किया गया है।