चाची पर किया कुल्हाड़ी से हमला
चचेरे भाइयों को भी पीटा, बाउंड्रीवाल तोड़ने पर हुआ था विवाद
लोनीकटरा थाना क्षेत्र के ग्राम पैकौली का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
बाराबंकी। पैकौली गांव में बाउंड्रीवाल को पिकअप से तोड़ने का विरोध करने पर आरोपियों ने चाची पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। आरोपियों ने चचेरे भाइयों की भी जमकर पिटाई कर दी। इस बीच दो युवकों ने अपनी चाची पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। महिला के सिर में गंभीर चोट आने पर वह मौके पर ही गश खाकर गिर पड़ी। मारपीट में दूसरे पक्ष से भी दो लोग घायल हुए है। घायल महिला को परिवारीजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। लोनीकटरा थाना क्षेत्र के ग्राम पैकौली गांव निवासी माधुरी अपने घर के सामने पड़ी जमीन पर बाउंड्री का निर्माण करा रही थी। बुधवार को उसके परिवार के ही दो युवक पिकअप से आए और दीवार तोड़ दी। महिला व उसके बेटों ने इसका विरोध किया तो सिंकदर, रणविजय, रामनाथ, अभिनंदन ने मारपीट करना शुरू कर दिया। आरोप है कि सिकंदर व रणविजय ने कुल्हाड़ी से माधुरी पर हमला कर दिया। अपनी मां को बचाने दौड़े हंसराज (20) व रामबाबू (25) की भी जमकर पिटाई कर दी। सिर पर गंभीर चोट आने पर महिला मौके पर ही बेहोश होकर गिर गई। वहीं दूसरे पक्ष से भी दो लोग चोटिल हुए हैं। परिवारीजनों ने तीनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। महिला के बेटे रामबाबू का कहना है कि तहसील दिवस में चचेरे भाइयों के खिलाफ शिकायत की थी। जिससे वह लोग आक्रोशित थे। थाने पर चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। थानाध्यक्ष विजय शंकर यादव का कहना है दीवार बनाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई है। कहा मौके पर पुलिस गई है जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।