पुरानी रंजिश में किसान की गोली मारकर हत्या
टिकैतनगर (बाराबंकी)। पुरानी रंजिश के चलते किसान मैकूलाल यादव (42) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक का शव उसके घर में पड़ा मिला। आसपास के लोगों ने जब गोली चलने की आवाज सुनी तो मौके पर जाकर देखा लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच शुरू किया है। पुलिस ने गांव के ही पिता-पुत्र के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज किया है।
टिकैतनगर थाना क्षेत्र के नवाबगंज के किसान मैकूलाल यादव अपने परिवार सहित पास के ही गांव फिरोजपुर स्थित ससुराल में रहते थे। मैकूलाल का एक घर नवाबगंज में है जिसमें वह मवेशियों के चारे के लिए भूसा रखे है। बृहस्पतिवार दोपहर मैकूलाल भूसा लेने के लिए नवाबगंज स्थित घर गए थे तभी उन्हें वहां उनकी गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद जब तक आसपास के लोग गोली चलने की आवाज सुनकर आते हमलावर फरार हो चुके थे। लोग पहुंचे तो देखा कि मैकूलाल के सीने में गोली धंसी थी और वह मृत पड़े थे। जिसके बाद जानकारी पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू किया है। एएसपी दक्षिणी शशीकांत तिवारी, सीओ रामसनेहीघाट सुशील प्रताप सिंह, प्रभारी निरीक्षक नीरज सिंह आदि ने मौके पर जाकर जांच के साथ शव को पीएम के लिए भेजवाया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतक के भाई रामविलास की तहरीर पर गांव के हरीराम व उसके बेटे संजीव के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।
-
बीस साल पुरानी रंजिश के पीछे की गई हत्या!
ग्रामीणों का कहना है कि नवाबगंज गांव में करीब बीस साल पहले गेहूं का खेत जलाने को लेकर मैकूलाल व हरिराम यादव के परिवार के बीच में मारपीट हुई थी। इस घटना में हरिराम के भाई सूरजपाल की मौत हो गई थी। इस मामले में मैकूलाल के परिवारीजनों रामसुफल, रामसुजीत, मुन्ना, माताफेर व अशर्फी को सजा हो गई थी। इनमें से रामसुजीत व रामसुफल की जेल में ही मौत हो गई थी जबकि मुन्ना, माताफेर व अशर्फी अभी दो माह पहले सजा काट कर घर आए है। यही नहीं मैकूलाल के चाचा भैरवलाल को तीन साल पहले गोली मारी गई थी जिसमें हरिराम यादव व उनके परिवार के लोग नामजद है और जेल में भी रहे है। इसी को लेकर मैैकूलाल की हत्या के पीछे हरिराम यादव व उनके परिवारीजनों का हाथ होने की बात कही जा रही है।
-
खेती किसानी करते थे मैकूलाल, परिवारीजनों में शोक का माहौल
मैकूलाल खेती किसानी कर अपने परिवार का पेट पालते थे। इनमें दो बेटी वंदना, मोहनी व एक बेटा बलराम है जिनके सर से पिता का साया उठ गया है। घर के कमाने वाले भी यही थे ऐसे में इस परिवार के सामने रोजी रोटी का संकट भी खड़ा हो गया है।
-
पुरानी रंजिश में किसान की गोली मारकर हत्या की गई है। इस मामले में गांव पिता-पुत्र के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। हमलावरों की तलाश में पुलिस टीम लगी है जल्द ही उनको गिरफ्तार किया जाएगा।
- शशीकांत तिवारी, एएसपी दक्षिणी