जुलूस निकाल बुजुर्गों ने मांगी
आवारा जानवरों से सुरक्षा
क्रासर
- बुजुर्ग दिवस पर वृद्धजनों ने जुलूस निकाल सौंपा ज्ञापन
फोटो:-32 पी
अमर उजाला ब्यूरो
बाराबंकी। छुट्टा जानवरों के कारण हो रहे जान-माल के नुकसान के विरोध में वरिष्ठ नागरिक मंच, सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ और पेंशनर एसोसिएशन ने शहर में चेतावनी जुलूस निकाला। सबने प्रशासन से इससे निजात दिलाए जाने की मांग की। सोमवार को विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस पर वरिष्ठ नागरिक मंच के संरक्षक डॉ. भगवान वत्स और सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर एसोसिएशन के अध्यक्ष बाबूलाल वर्मा की अगुवाई में प्रमुख 22 सूत्रीय लंबित मांगों के समर्थन में निकाला गया। वृद्वजनों ने मुक्त करो छुट्टा पशुओं से खेत और आबादी... रहे सुरक्षित फसल और खेत... स्लोगन लिखे बैनर को हाथ में लेकर इससे निजात दिलाने की मांग कर रहे थे। जुलूस शहर के ठाकुरद्वारा से शुरू होकर धनोखर, पुराना निबलेट तिराहा होते हुए नगर पालिका परिसर में जाकर समाप्त हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन तहसीलदार सदर तथा नगर पालिका ईओ संगीता कुमारी को सौंपा। इस मौके पर श्री वर्मा ने कहा कि छुट्टा पशुओं के आतंक और उत्पात से शहरों और देहात दोनों ही इलाकों का जनजीवन बिल्कुल असुरक्षित, अस्वच्छ और अशांतिपूर्ण होता जा रहा है।
वरिष्ठ नागरिक मंच के संरक्षक डॉ. भगवान वत्स ने कहा कि आज सड़कों पर गोवंश को भटकने के लिए छोड़ कर उनका अनादर हो रहा है। हम सभी को इस समस्या का हल निकालना होगा। मंच के अध्यक्ष सेवानिवृत्त न्यायाधीश आर सी निगम ने कहा कि छुट्टा पशुओं की समस्या अब व्यापक होती जा रही है। सरकार और समाज दोनों को ही इस समस्या से निपटनें के लिए ठोस प्रयास करने होंगे। श्री सलीम ने कहा कि राज्य सरकार कहती है कि वह इस समस्या के निदान के लिये प्रयास कर रही है, मगर समाज भी अपनी जिम्मेदारी निभाए। इस अवसर पर डॉ.आरडी यादव, केपर ओझा, अशोक सोनी, एएल गुप्ता, सुरेश श्रीवास्तव, अंबिका प्रसाद, ओमप्रकाश, लालजी वर्मा, चंद्रशेखर, डॉ.एसएम हैदर, राम नरेश वर्मा, एसएल गुप्ता, रामशरण शुक्ला तथा डॉ.शैलेंद्र वर्मा समेत कई वृद्वजन मौजूद रहे।