बाराबंकी। पुलिस ने चेकिंग के दौरान चार बदमाशों को धर दबोचा। इनके पास से तमंचे, कारतूस, देशी बम और विस्फोटक बरामद हुआ हैं। बदमाशों की मंशा चुनाव के दौरान गड़बड़ी फैलाने की थी। इसके अलावा ये लोग लूटपाट भी करते थे। पुलिस ने चारों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
एएसपी (उत्तरी) आरएस गौतम ने पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता कर बताया कि रविवार रात त्रिलोकपुर मार्ग से चार शातिर बदमाशों को पकड़ा गया है। पुलिस टीम को चेकिंग केे दौरान यह सफलता मिली। पकड़े गए बदमाशों में गिरीश निवासी गांव भैरमपुर, शिवकुमार निवासी गांव सूपामऊ, थाना असंद्रा, मजनू उर्फ शफीक और शमशाद निवासी गांव हलीमनगर, रुदौली, अयोध्या शामिल हैं। पुलिस को इनके पास से आठ देशी बम, दो तमंचे, तीन कारतूस और विस्फोटक बरामद हुआ हैं। बदमाशों की मंशा लोकसभा चुनाव के दौरान गड़बड़ी फैलाने की थी।
इन्होंने पूछताछ में बताया कि ये लोग गांव और कस्बों के किनारे रेकी कर लोगों को लूटपाट भी करते थे। बदमाशों के खिलाफ पहले से भी अयोध्या और बाराबंकी जिले के थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बदमाशों को पकड़ने वाली टीम में शामिल एसओ संतोष कुमार सिंह, एसआई राजकुमार, सुनील दत्त, विक्रमाजीत यादव, रामदुलारे यादव, शिवमूरत, आजाद यादव, महेंद्र यादव, सौरभ सिंह, विशाल यादव को एसपी ने पांच हजार रुपये का इनाम दिया है।