पुलिस ने पकड़ा ट्रॉली पर लदा सरकारी खाद्यान्न
- दरियाबाद कस्बे का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
दरियाबाद (बाराबंकी)। शनिवार को दरियाबाद पुलिस ने ट्रॉली पर लदे सरकारी खाद्यान्न को पकड़ा। खाद्यान्न पकड़े जाने के बाद देर शाम तक पूर्ति विभाग का कोई नहीं पहुंचा। शिकायतकर्ता ने पकड़े गए खाद्यान्न को रामसनेहीघाट थानाक्षेत्र के एक गांव के कोटेदार का होना बताते हुए तहरीर दी है किन्तु दरियाबाद कस्बे का एक कोटेदार पकड़े गए खाद्यान्न को अपना बता रहा है।
शनिवार को दोपहर में एक ट्रैक्टर ट्रॉली से लदा सरकारी खाद्यान्न दरियाबाद कस्बे में जा रहा था। तभी पुलिस को सूचना मिली कि यह खाद्यान्न कालाबाजारी के लिए जा रहा है। सूचना पर दरियाबाद पुलिस ने खाद्यान्न लदे ट्राली को पकड़ लिया और ड्राइवर को हिरासत में लेकर ट्राली को थाने ले आई। पुलिस को सूचना करने वाला रामसनेहीघाट कोतवाली के एक गांव के कोटेदार का बताते हुए कालाबाजारी के लिए जाने का आरोप लगाते हुए तहरीर पुलिस को दी। पुलिस व शिकायतकर्ता ने मामले की जानकारी उपजिलाधिकारी रामसनेहीघाट को दी किन्तु कई घंटे बीत जाने के बाद भी देर शाम तक पूर्ति विभाग का कोई भी अधिकारी मौके पर नही पहुंचा था।इतने में ही दरियाबाद कस्बे के एक कोटेदार थाने पंहुच कर पकड़े गए खाद्यान्न को अपना बताया और कहा कि ट्राली से खाद्यान्न अपने गोदाम ले जा रहा था।प्रभारी निरीक्षक शिवा कांत त्रिपाठी का कहना है कि मामले की जानकारी एसडीएम को दी गयी है।जांच के बाद ही कोई बात होगी।उपजिलाधिकारी रामसनेहीघाट राहुल यादव का कहना है कि क्षेत्रीय विपणन अधिकारी व पूर्ति निरीक्षक को थाने भेजा गया है जांच के बाद नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।