बाराबंकी शहर कोतवाली क्षेत्र के धनोखर चौराहे के पास स्थित बैंक ऑफ इंडिया में कर्जे की रकम जमा करने आया युवक बैंक परिसर में ही ठगी का शिकार हो गया। बड़े ही नाटकीय ढंग से बैंक कर्मचारी बन युवक से रुपये लेकर उसे फोटो कॉपी कराने के लिए बाहर भेजा और वहां से रफूचक्कर हो गया। पीड़ित ने शाखा प्रबंधक से शिकायत की लेकिन उस ठग की कोई जानकारी नहीं हो सकी। पीड़ित ने कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ ठगी करने की तहरीर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुरौली निवासी राजेश कुमार ने धनोखर स्थित बैंक ऑफ इंडिया से क्रेडिट कार्ड पर दो लाख रुपये का ऋण ले रखा था। राजेश ने बताया कि वह शुक्रवार को 1.80 लाख रुपये धनोखर चौराहे के पास स्थित बैंक ऑफ इंडिया में जमा करने दो बजे पहुंचा तो कर्मी लंच कर रहे थे। वहीं बैंक में मौजूद एक युवक ने खुद को बैंक कर्मी बताकर आने का कारण पूछा और रुपये जमा करने के लिए ले लिया।
उसके बाद उसके विड्रॉल फॉर्म पर वहीं पड़ी मोहर लगाने के बाद राजेश सेे उसकी फोटो कॉपी करा लाने को कहा और रुपये लेकर गिनने लगा। पीड़ित के बाहर जाते ही वह भी रुपयों भरी थैली लेकर चुपके से निकल गया। हैरत की बात तो यह है कि जिस समय युवक से ठगी हुई उस समय वहां पर बैंक में सुरक्षाकर्मी भी मौजूद थे। इससे साफ पता चलता है कि बैंक की सुरक्षा कितनी जिम्मेदारी से निभाई जा रही है। पीड़ित ने कोतवाली जाकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है।