बाराबंकी। पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद की पहली क्राइम मीटिंग में तेवर काफी तीखे दिखे। पंचायत चुनाव, कोरोना वैक्सीनेशन से लेकर आपराधिक वारदातों पर कैसी पुलिसिंग हो यह बताया तो यह भी कहा कि गोकसी व अवैध शराब का धंधा जहां पर मिला वहां के दरोगा व सिपाहियों की वर्दी उतर जाएगी।
उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर पहुंचने से पहले भी उन्हें सीधे सूचना दी जाये। प्वाइंट बनाकर चेकिंग कराई जाये। टीकाकरण को लेकर पुलिस पूरी मुस्तैदी व संवेदनशीलता से काम करे। जिलाधिकारी डॉ. आदर्श सिंह ने भी कहा कि राजस्व वादों को निपटाने के लिए पुलिस व राजस्व कर्मी टीम बनाकर निर्णय लें।
पुलिस लाइन सभागार में शुक्रवार को डीएम डॉ. आदर्श सिंह, एसपी यमुना प्रसाद की मौजूदगी में हुई क्राइम मीटिंग काफी जोरदार रही। दो दिन पहले कप्तान की कुर्सी संभालने वाले एसपी के तेवर इतने कड़क थे कि ठंड में भी दरोगाओं के माथे पर पसीना ला दिया। बैठक में सभी पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
क्राइम मीटिंग में आपराधिक वारदातों की समीक्षा कम भविष्य में होने वाले कार्यक्रमों की फिक्र दिखी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आगामी पंचायत चुनाव की तैयारी पूरी कर लें। केंद्रों की श्रेणी तय करने से लेकर शांतिभंग की कार्रवाई तक के लिए उपद्रवियों को पाबंद कराने को सूचीबद्ध करें। गांव से मिलने वाली छोटी-छोटी शिकायतों पर गंभीरता से निर्णय लें। कोविड-19 के वैक्सीनेशन को लेकर भी सुरक्षा का ध्यान रखा जाये।
एसपी ने कहा कि तस्करी चाहे मादक पदार्थों की हो या फिर गोकसी व अवैध शराब की उस पर पूरा प्रतिबंध दिखे। अगर, कहीं से भी इसकी शिकायत सही मिली तो कार्रवाई तय है। जनता की सुनवाई थाना स्तर पर हो और न्याय मिले। अन्यथा की दशा में थानेदार कार्रवाई को तैयार रहें। प्वाइंट बनाकर चेकिंग हो।
किसी भी घटना की सूचना मिलते ही पहले उन्हें सीधे अवगत करा दें। घटनास्थल पर जाकर डिटेल जुटाने के बाद सूचना देने की पुरानी परंपरा बंद हो। इस मौके पर एडीएम संदीप गुप्ता, एएसपी उत्तरी आर एस गौतम, एएसपी दक्षिणी मनोज पांडेय, एसडीएम सदर अभय पाण्डेय, सीओ सिटी सीमा यादव, सीओ दिनेश दूबे, एसडीएम पंकज सिंह, प्रतिपाल सिंह व राजीव शुक्ला आदि मौजूद रहे।