फतेहपुर (बाराबंकी)। ग्राम बीबीपुर के पास एक युवक का शव क्षतविक्षत अवस्था में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। ग्रामीण इसे हत्या का मामला होने की आशंका जता रहे हैं।
कोतवाली फतेहपुर क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध दशा में रेलवे स्टेशन से कुछ दूर रेल पटरी पर पड़ा मिला। बीबीपुर के निकट रेल पटरी पर शव मिलने की खबर फैलते ही यहां ग्रामीणों का जमावड़ा हो गया। स्टेशन मास्टर ने कोतवाली मेमो भेजकर सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई। रेलवे ट्रैक के बीच पड़े शव के दोनों पैर कटे हुए थे।
चेहरे का ऊपरी हिस्सा गंभीर रूप से चोटिल था। करीब 45 वर्षीय मृतक के शरीर पर सिर्फ अंडरवियर ही मौजूद थी। आबादी से दूर इस दशा में पड़े शव को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चलती रहीं। ग्रामीण हत्या कर शव ट्रैक पर फेंके जाने की आशंका जता रहे थे। कोतवाल संजय मौर्य ने बताया कि मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। (संवाद)