गणेशपुर (बाराबंकी) राष्ट्रीय राजमार्ग लखनऊ- बहराइच के सरयू नदी (घाघरा) पर स्थित संजय सेतु पुल के ज्वाइंटरो में आई दरार की मरम्मत का काम पीएनसी कंपनी ने बुधवार से शुरू कर दिया। लेकिन टेकिभनकल काम होने के चलते इसे पूरा होने में कई दिन का वक्त लगेगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती बलराम व गोरखपुर आने-जाने वाले लोगों का आवागमन सरयू पर बने संजय सेतु से होता है। इस पुल के ज्वाइंटरों पर दोबारा आई दरारों से खतरा बढ़ गया था। ऐसे में पुल के गड्ढ़ों को तो भरने का काम एनएचआई ने पूरा कर लिया था। मगर, ज्वाइंटरों को दुरूस्त करने का काम बाकी था। जिसकी मरम्मत के लिए बुधवार को पीएनसी कंपनी की टीम पहुंची और मरम्मत का काम शुरू कर दिया।
कंपनी के सुपरवाइजर सतीश यादव ने बताया की ट्रक में वेल्डिंग सामान विद्युत अपूर्ति सहित मटेरियल है। पुल के जितने भी जोड़ों में दरारें आई हैं, उन सभी की मरम्मत के लिए वेल्डिंग ऑपरेटर व मिस्त्री राजगीर मरम्मत कार्य करेंगे। राष्ट्रीय राजमार्ग के संजय सेतु पुल पर मरम्मत कार्य के दौरान आवागमन बंद नहीं किया जाएगा। एक ओर मरम्मत कार्य चलता रहेगा तो दूसरी ओर वाहनों का यातायात जारी रहेगा। काम को पूरा करने में करीब तीन दिन का समय लगेगा।