बाराबंकी। पंचायत चुनाव को लेकर एसपी के आदेश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को जैदपुर व मोहम्मदपुर खाला पुलिस ने दो अवैध शस्त्र बनाने की फैक्टरी पकड़ी। चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर अवैध असलहों का जखीरा बरामद किया। वहीं शस्त्र बनाने की भारी सामग्री भी बरामद हुई। पंचायत चुनाव में खपाने के लिए यह हथियार बनाकर बेचने की तैयारी थी। इसका खुलासा शनिवार को पुलिस लाइन के सभागार में पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद ने किया।
जैदपुर के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह रघुबंशी की टीम ने सफदरगंज थाना क्षेत्र के अकबरपुर निवासी श्यामू लोनिया व जैदपुर थाने के दौलतपुर निवासी चन्द्रशेखर विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया। वहीं मोहम्मदपुर खाला थाने के प्रभारी बीरेंद्र बहादुर सिंह की टीम ने सीतापुर जिले के महमूदाबाद थाने के बिलासपुर निवासी बृजेश चौहान व सुभाष चौहान उर्फ छोटकन्ने को गिरफ्तार किया।
एसपी ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्त शातिर अपराधी हैं। यह बाराबंकी समेत आसपास के जनपदों से कई बार जेल जा चुके हैं। अवैध असलहा बनाकर बेचकर यह अपनी व परिवार की जीविका चला रहे थे। इनके कब्जे से पुलिस टीम ने 20 असलहे, चार अर्द्धनिर्मित असलहे, 18 देशी तमंचा, दो देशी बंदूक, कारतूस व भारी मात्रा में शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए। इस मौके पर एएसपी मनोज कुमार पाण्डेय व अवधेश कुमार आदि मौजूद थे।