हैदरगढ़ (बाराबंकी)। पंचायत चुनाव को लेकर आपस में बढ़ रहे तनाव के चलते हैदरगढ़ एसडीएम कार्यालय में सोमवार को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और कटवाने की आपत्ति पर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों में मारपीट हुई। बचाव में पूर्व प्रधान के पति भागे तो एक पक्ष ने लाइसेंसी रिवॉल्वर तानकर जान से मारने की धमकी दी। इस बीच एसडीएम के फोन पर पहुंची हैदरगढ़ पुलिस ने तीन लोगों को दबोच लिया जबकि दो लोग मौके से भाग निकले।
हैदरगढ़ में सुबह करीब 11 बजे तहसील सभागार में पलिया के पूर्व प्रधान कन्यावती मिश्रा के पति मनोज मिश्रा व यहीं के निवासी शिवाकांत अवस्थी के बीच मतदाता सूची में नाम हटवाने और जोड़वाने की आपत्ति को लेकर विवाद हो गया। सभागार से निकलते ही एसडीएम कार्यालय के सामने गैलरी में दोनों के बीच मारपीट होने लगी। मनोज मिश्रा बचाव के लिए मालबाबू के कक्ष में घुसे लेकिन दूसरे पक्ष के लोगों ने वहां घुस कर उनकी पिटाई शुरू कर दी।
इस दौरान लाइसेंसी रिवॉल्वर से मनोज पर बट से वार कर दिया गया। यह हालत देखकर वहां भगदड़ मच गई। एक महिला लेखपाल हालात देखकर दहशत में रोने लगी। इसी बीच एसडीएम ने पुलिस को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तीन हमलावरों को दबोच लिया, जबकि दो लोग भाग निकले। बताते हैं कि पलिया गांव की पूर्व प्रधान के पति मनोज मिश्रा ने एसडीएम के यहां आपत्ति दर्ज की थी कि गांव की मतदाता सूची में शिवाकांत अवस्थी इनकी पत्नी कमला व भाई रमाकांत का नाम नगर पंचायत हैदरगढ़ की मतदाता सूची में भी दर्ज है।
इसलिए तीनों का नाम गांव की मतदाता सूची से हटा दिया जाए। एसडीएम ने आपत्ति के निस्तारण के लिए दोनों पक्षों को तहसील में बुलाया था। वहीं पर दोनों पक्ष भिड़ गए और तहसील में भगदड़ मच गई। पुलिस ने मनोज मिश्रा की शिकायत पर शिवाकांत अवस्थी, भाई रमाकांत व पंकज तथा पुत्र धनंजय व सोनू के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। जिसमें शिवाकांत, रामाकांत और धनंजय को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं दो अन्य आरोपी मौके से भाग निकले।
कोतवाल धर्मेंद्र रघुवंशी ने बताया कि तहसील में मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। लाइसेंसी रिवॉल्वर का हमले में प्रयोग किया गया है। सुबेहा थाने से उसके निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। एसडीएम जितेंद्र कटियार ने बताया आपत्तियों के निस्तारण के लिए दोनों पक्षों को बुलाया गया था। सभागार में दोनों पक्ष की बात सुनी गई। यहां से निकलने के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई।
तहसीलदार के सामने ग्रामीणों ने किया हंगामा
सूरतगंज (बाराबंकी)। पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में आपत्ति निस्तारण करने के लिए पहुंचे तहसीलदार की उपस्थिति में पूर्व प्रधान के समर्थकों ने जमकर हंगामा काटा। तहसीलदार के समझाने व पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हुआ। सूरतगंज विकासखंड के ग्राम पंचायत सूरतगंज की मतदाता सूची में दर्ज डबल, फर्जी, मृतक विवाहित लड़कियों के मामले में ग्रामीणों के आपत्ति के बाद सोमवार को निस्तारण के लिए प्राथमिक विद्यालय सूरतगंज पहुंचे तहसीलदार रामदेव निषाद के सामने हंगामा हुआ।
आपत्तिकर्ताओं ने तहसीलदार के समक्ष साक्ष्य प्रस्तुत किया। इसी का विरोध करते हुए पूर्व प्रधान के समर्थकों ने जमकर हंगामा किया और तहसीलदार की उपस्थिति में मारपीट की संभावना उत्पन्न कर दी। घंटों हंगामा के बाद तहसीलदार व पुलिस के समझाने पर मामला शांत हुआ।