जैदपुर (बाराबंकी)। ग्राम समाज की भूमि पर कब्जेदारी को लेकर दो पक्षों में मामूली बात पर जमकर मारपीट हो गई। इसमें दोनों पक्ष के दो लोगों को गंभीर चोट आई है। पुलिस ने दोनों पक्षों के आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक जैदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बलछत मजरे अतरौली निवासी करीम बृहस्पतिवार को ग्राम समाज की भूमि पर लगे घूर की सफाई कर रहा था। तभी दूसरे पक्ष के सिराज मौके पर पहुंचे और अपना घूर बताकर सफाई करने से करीम को मना किया। लेकिन करीम ने सफाई बंद नही की, इसी बात पर करीम और सिराज में कहासुनी होने लगी। तभी करीम ने सिराज को फावड़ा मार दिया। सिराज लहूलुहान होकर अपने घर पहुंचा तो परिवार के सदस्यों को उसे देखकर नाराजगी बढ़ गई और उन्होंने करीम के पास पहुंचकर उसकी जमकर पिटाई कर दी।
जब करीम अपने घर सिर से बहता खून लेकर पहुंचा तो उसके घर वाले भी सिराज के परिवार को मारने पहुंच गए। इसी बीच में दोनों पक्षों में करीब आधे घंटे तक जमकर मारपीट होती रही। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों के घायलों को थाने लेकर आई। गंभीर रूप से घायल सिराज व करीम का जैदपुर सीएचसी में उपचार कराने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के चार-चार लोगों के विरुद्ध मारपीट का केस दर्ज किया। प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार राय ने बताया कि दोनों पक्षों में आपस में मारपीट की थी। जिस पर दोनों पक्षों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है।