फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंत्री से बोला किसान, साहब! हमने तो धान बेचा ही नहीं

विज्ञापन
विज्ञापन
बाराबंकी। जिले की बेपटरी धान खरीद को पटरी पर लाने के लिए अधिकारी दर अधिकारी के बाद अब मंत्री का नंबर था। हाल वहीं दिखा जो महीनों से अफसरों के निरीक्षण में सामने आ रहा था। हद तब हो गई जब मंत्री ने रजिस्टर पर धान बेचने वाले एक किसान को फोन लगाकर पूछा कि आपने कितना धान बेचा हैं। जवाब था साहब! हमने तो धान बेचा ही नहीं।
विज्ञापन

किसान का एक वाक्य बिचौलियों से धान खरीद का जहां प्रमाण दे गया वहीं किसानों की दुर्दशा की हकीकत बयां कर गया। यहीं नहीं, जिले में वह जिस केंद्र पर गए वहां गड़बड़ी मिली। राइस मिल में भी कुछ सही नहीं था। खाद्य मंत्री ने कहा कि समिति बनाकर जांच होगी। योगी सरकार में भ्रष्टाचार करने वालों को कड़ा दंड मिलेगा।
खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री रणवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह बृहस्पतिवार की दोपहर करीब एक बजे धान खरीद केंद्र बदोसरायं पहुंचे। यहां पर कई दिनों से केंद्र पर खड़े किसान दीपक मिश्रा, राम रतन, रविन्द्र कुमार और शैलेंद्र ने कहा कि हम लोगों का धान नहीं तौला जा रहा है। राज्य मंत्री ने खरीद केंद्र पर रजिस्टर पर धान बेचने वाले किसान उस्मान को फोन मिलाकर पूछा कि कितना धान बेचा है? तो उसने कहा कि साहब हमने तो धान बेचा ही नहीं है।
विज्ञापन

हक्काबक्का मंत्री ने दूसरे किसान मोहम्मद जावेद को फोन मिला दिया तो उसने बताया कि वह मुंशी से बात कर सही जानकारी दे पाएगा। इससे नाराज मंत्री ने कहा कि मैंने तो सोचा था कि लखनऊ के नजदीक होने के कारण यहां पर धान खरीद सही हो रही होगी लेकिन यहां तो सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार हो रहा है।
मंत्री ने मौके पर मौजूद एसडीएम प्रतिपाल सिंह को पूरे मामले की जांच के आदेश दिए। यहां के बाद मंत्री ने सूरतगंज के धान खरीद केंद्र कुरेलवा पहुंचे। यहां पर धान बेचने वाले किसानों से सीधे बात की। जांच के दौरान रजिस्टर में अंकित कई नंबर फर्जी निकले, तो कुछ ने अंकित मात्रा से कम में धान बेचने की बात कही। इस मौके जिला खाद्य विपणन अधिकारी संतोष कुमार द्विवेदी, डीएसओ संतोष विक्रम शाही मौजूद रहे।
राइस मिल पर मारा छापा, मिलीं खामियां
खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री ने बृहस्पतिवार को सफदरगंज स्थित राणी सती राइस मिल पर छापा मारा। यहां पर खामियां देखकर आवश्यक रजिस्टर और प्रपत्र कब्जे में ले लिया। मंत्री यहां पर करीब दो घंटे तक रुके और प्रपत्रों की जांच करते रहे। मंत्री के राइस मिल पर मौजूद होने की सूचना मिलते ही क्षेत्र के अन्य राइस मिल मालिकों में हड़कंप मचा रहा। वहीं बदोसरायं केंद्र पर मौजूद बरोलिया निवासी किसान रामसुमिरन ने बताया कि किसान यूनियन और वीआईपी के आगे आम किसानों का धान नहीं तौला जा रहा है।
कमेटी बनाकर होगी जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई
राज्य मंत्री धुन्नी सिंह ने लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि निरीक्षण के दौरान जो गड़बड़ी और खामियां मिलीं हैं उसके लिए कमेटी बनाकर जांच कराई जाएगी और दोषियों को कठोर सजा मिलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में भ्रष्टाचार में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। सीएम के आदेश पर ही आज वह यहां आए हैं।
महादेवा पहुंचकर मंत्री ने टेका माथा
महादेवा। धान क्रय केंद्र की जमीनी हकीकत परखने पहुंचे राज्यमंत्री रणवेन्द्र सिंह ने लोधेश्वर महादेवा मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक कर चौखट पर माथा टेका। साथ ही मानव कल्याण की कामना की। मंत्री ने कहा कि लोधेश्वर महादेवा मैं पहले भी आया हूं। बाबा का आशीर्वाद प्राप्त होना बड़े सौभाग्य की बात है। मंदिर के पुजारी आदित्यनाथ ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना कराई। इस दौरान भाजपा नेता रामबाबू द्विवेदी, अशोक शुक्ला आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें