बाराबंकी। एक डीसीएम चालक की पिटाई कर एक लाख रुपये की लूट का मामला प्रकाश में आया है। बुधवार शाम हुई इस वारदात की जानकारी के बाद पुलिस जांच कर रही है। पुलिस घटना को संदिग्ध बता रही है। फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के वतिया गांव निवासी संतोष डीसीएम चालक है। बुधवार शाम यह तुलसीपुर से आलू उतारने के बाद घर आ रहे थे।
तभी फतेहपुर के पास एक दूसरी डीसीएम व बाइक सवार कुछ लोगों ने इनको रोक लिया। आरोप है कि इस दौरान बदमाशों ने डीसीएम चालक की जमकर पिटाई की व उसके पास रही एक लाख की नकदी लेकर भाग निकले। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को बताया जिस पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की है। कोतवाल पीके झा का कहना है डीसीएम चालक का सीएचसी में इलाज कराया जा रहा है। उन्होंने बताया चालक ने बताया है कि उसने तीन लोगों को पहचान लिया है। मामला संदिग्ध लग रहा है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।