बाराबंकी। रामनगर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक डीसीएम में भरे मिले चौदह प्रतिबंधित मवेशी बरामद किए है। पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़कर उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें जेल भेजा है। जबकि दो आरोपी भाग निकले है जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक रामनगर केके मिश्रा ने बताया कि मंगलवार रात ग्राम जैतपुर के पास जा रही एक डीसीएम रोककर उसकी तलाशी ली गई तो उसमें चौदह प्रतिबंधित मवेशी भरे मिले। इस दौरान पुलिस ने तीन आरोपी राजू निवासी मोहल्ला रहमत नगर (खालापार) थाना कोतवाली शहर जनपद मुजफ्फरनगर, नदीम निवासी ग्राम बघरा थाना किताबी जनपद मुजफ्फरनगर व रामसुधि निवासी ग्राम जैतपुर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इन तीनों आरोपियों के खिलाफ गोवध व पशु क्रुरता अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। जबकि रात में अधेरें का फायदा उठाकर दो आरोपी भागने में सफल रहे।
आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह गोवंशीय पशु का वध करके बिहार में बेचते है। लोगों को चकमा देने व पुलिस से बचने के लिए यह लोग जिसमें मवेशी होते है उस वाहन का नंबर प्लेट बदल देते हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जहां से वह जेल भेजे गए है।
चोरी के मोबाइल समेत एक युवक गिरफ्तार
शहर कोतवाली पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी का एक मोबाइल फोन बरामद किया है। कोतवाल धर्मेद्र सिंह रघुवंशी ने बताया कि छोटू निवासी ग्राम तुतूही थाना रामपुर मथुरा जिला सीतापुर को बुधवार दोपहर देवा तिराहे के पास से गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी का एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।