बाराबंकी। जिले में एआरटीओ प्रवर्तन दल और यातायात पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाकर तीन वाहनों को सीज किया और 78 वाहनों का चालान किया।
पीटीओ रविचंद्र त्यागी के नेतृत्व में लखनऊ-अयोध्या मार्ग पर मोहम्मदपुर चौकी के पास एआरटीओ प्रवर्तन दल ने एक ओवरलोड और एक ओवर हाइट वाहन को सीज कर दिया। वहीं माती के पास एक और ओवरलोड वाहन सीज किया। इस दौरान हेलमेट और सीटबेल्ट का प्रयोग न करने वाले 10 चालकों का चालान किया गया।
शहर के नाका चौराहा, पटेल तिराहा, पल्हरी चौराहा और लखपेड़ाबाग चौराहा सहित प्रमुख मार्गों पर टीएसआई रामयतन यादव की अगुवाई में यातायात पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसमें छह वाहनों से काली फिल्म हटाई गई। तीन मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए गए और सात वाहनों पर गलत नंबर प्लेट मिलने पर चालान किया गया। इसके अलावा नो पार्किंग, सीटबेल्ट, हेलमेट न लगाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर कुल 55 चालान काटे गए।