बाराबंकी। पंचायत चुुनाव के दौरान कोविड के चलते जान गंवाने वाले जिले के 29 मृत कर्मचारियों के परिजनों को सहायता राशि मिलेगी। अपर मुख्य सचिव द्वारा जारी शासनादेश के बाद प्रशासन की ओर से इसकी कवायद तेज कर दी गयी है। मृत कर्मचारियों में करीब आधा दर्जन विभागों के अधिकारी व कर्मचारी शामिल हैं।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान जिले में करीब 14 हजार कर्मचारियों को लगाया गया था। पंचायत चुुनाव के दौरान कोरोना संक्रमण बढ़ने के चलते कई अधिकारी व कर्मचारी इसकी चपेट में आकर अपनी जान गवां बैठे थे। शासन के निर्देश पर पंचायती राज विभाग ने ऐसे 29 मृत कर्मचारियों की सूची तैयार कर भेजी थी ताकि उनके परिवार को आर्थिक सहायता के रुप में धनराशि मिल सके।
हालांकि इससे पहले शासन स्तर से जिले की सिर्फ एक मृत महिला कर्मचारी को लाभ मिलने की बात कही गई थी लेकिन काफी प्रयास के बाद अब जिले के सूचीबद्ध 29 मृत कर्मचारियों के परिजनों को आर्थिक सहायता का लाभ मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
इनमें बेसिक शिक्षा विभाग के 13, माध्यमिक शिक्षा के तीन, जिला पंचायत के दो कर्मचारियों के साथ ही जिला विकास, पंचायत राज, आरईएस, पुलिस, नलकूप, उद्यान विभाग के अधिकारी व कर्मचारी भी शामिल हैं। सीडीओ एकता सिंह ने बताया कि अगर इस संबंध में शासनादेश जारी हुुआ है तो इसका लाभ मृत कर्मचारियों के परिजनों को दिया जाएगा। इस संबंध में डीपीआरओ से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गयी है।