कोटवाधाम (बाराबंकी)। बदोसरायं कोतवाली क्षेत्र के अरियामऊ गांव निवासी नसीमा बानो ने मंगलवार रात करीब साढ़े दस बजे 112 पर फोन कर पिटाई की सूचना दी। बताया कि उसके भाई निजामुद्दीन, करामुद्दीन, भतीजा अतीक अहमद उसकी पिटाई कर रहे है।
इस पर पीआरवी 1710 की टीम गांव पहुंची और लोगो को समझाने लगी। विवाद कर रहे लोगों ने पुलिस को अनदेखा कर दिया तो पुलिस ने एक युवक अतीक को कोतवाली ले जाने लगे तभी घर की महिलाएं व पुरुष उग्र हो गए और पुलिस पर ही हमला बोल दिया। गाड़ी के आगे आ गए, पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने लगे। मौका देखकर पुलिस कर्मी गाड़ी छोड़कर अपनी जान बचाते हुए भाग निकले।
इसके बाद कोतवाली से भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और सभी को शांत कराया। करीब दो घंटे चले इस हंगामे को देखने के लिए आसपास के गांव की भीड़ उमड़ पड़ी। पुलिसकर्मियों को खदेड़ते हुए जो वीडियो ग्रामीणों ने बनाए थे, उनको भी पुलिस ने डिलीट करवा दिया। प्रभारी कोतवाल सुभाष चंद्र यादव ने बताया कि मामूली विवाद था, जिस पर मौके पर जाकर विवाद शांत कराया गया था। जांच कर आगे की कार्रवाई होगी। (संवाद)