रोडवेज की एक अनुबंधित बेकाबू बस ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद भाग रहे बस चालक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। स्थानीय लोगों की माने तो हादसे के समय बाइक सवार बिना हेलमेट पहने बाइक चला रहा था।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं इस हादसे की जानकारी होते ही दंपती के परिवारीजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। मृत व्यक्ति फैजाबाद जिले मेें चकबंदी कार्यालय में लिपिक के पद पर तैनात था।
सफदरगंज थानाक्षेत्र के लक्षबर बजहा गांव निवासी शब्बीर अहमद (48) अपनी पत्नी नाजमा बेगम (45) के साथ रविवार की सुबह बाइक से अपनी ससुराल धौरसिया थाना रामनगर जा रहे था। मसौली थानाक्षेत्र के कोटवा गांव के पास भयारा मार्ग पर सामने से आ रही रोडवेज की एक अनुबंधित बस ने बाइक मेें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी की इस हादसे में दंपती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद भीड़ एकत्र होने लगी। यह देखकर चालक बस छोड़कर भागने लगा लेकिन इस बीच ग्रामीणों ने बस चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। स्थानीय लोगोें ने पुलिस को बताया कि हादसे के समय बाइक सवार बिना हेलमेट पहनकर जा रहा था।
पुलिस ने मृत दंपती के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एसओ रायसिंह यादव ने बताया कि हादसा करने वाली बस के चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। हादसे का शिकार हुआ शब्बीर अहमद फैजाबाद जिले में चकबंदी कार्यालय में बतौर लिपिक के पद पर तैनात था।
रविवार को अवकाश होने के चलते शब्बीर अपने घर आया था और पत्नी के साथ ससुराल जा रहा था। लेकिन रास्ते में ही हादसे में दंपती की जान चली गई। उसके दो पुत्र निहाल, बिलाल व दो पुत्री शाहीन व नाजनीन हैं। हादसे की जानकारी होते ही रिवारीजनों में कोहराम मच गया है।