बाराबंकी के हैदरगढ़ कस्बे में मार्निग वॉक पर निकले दंपती को वाहन के रौदने से हुई मौत के बाद गमगीन परिवारीजन व कस्बावासी।
- फोटो : अमर उजाला
लखनऊ-सुल्तानपुर मार्ग पर सोमवार की भोर मॉर्निंग वाक को निकले अधेड़ दंपती को एक वाहन ने रौंद दिया जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों के क्षत-विक्षत शव थोड़ी दूरी पर खून से लथपथ पड़े थे।
उजाला होने पर उधर से गुजरे मोहल्लेवालों पड़ोसी दंपती के शव को देखा तो इसकी सूचना पुलिस व उनके परिवारीजनों को दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
हैदरगढ़ कोतवाली व कस्बा के भटखेरा वार्ड निवासी जगन्नाथ शरण द्विवेदी (52) पत्नी शिवकुमारी (50) के साथ रोजाना मॉर्निंग वाक को जाते थे। घर में एक बूढ़ी मां थी। सुबह मां को जगाना न पड़े इसके लिए जगन्नाथ व उनकी पत्नी घर में बाहर से ताला लगा देते थे।
सोमवार की सुबह करीब 5 बजे दोनों टहलने के लिए लखनऊ-सुल्तानपुर मार्ग निकले थे। इसी बीच किसी वाहन ने घर से करीब दौ सौ मीटर की दूरी पर दोनों को रौंद दिया। हादसे के बाद वाहन चालक वाहन समेत भाग गया। जगन्नाथ व शिवकुमारी के शव क्षत-विक्षत अवस्था में थोड़ी दूरी पर सड़क किनारे पड़े थे।
उजाला होने पर पड़ोसियों ने इनके शवों को देखा तो सूचना पुलिस व परिवारीजनों को दी। कोतवाली पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कोतवाल चंद्र्रशेखर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई थी।
दुर्घटना करने वाले वाहन का पता नहीं चल सका है। स्थानीय लोगों व ढाबे वालों से बात कर वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।