बाराबंकी। लोकसभा चुनाव के लिए 4 जून को होने वाली मतगणना की तैयारियां अब अंतिम दौर में है। रविवार को निर्वाचन आयोग की तरफ से नामित प्रेक्षक रीना महापात्रा और आरआर दमोर ने मतगणना से जुड़े कार्यों का जायजा लेते हुए पुलिस व प्रशासनिक अफसरों के साथ एक समीक्षा बैठक भी की। बैठक के बाद दोनों ही प्रेक्षकों ने मंडी परिसर में बने मतगणना स्थल का जायजा लेने के साथ ही स्ट्रांग कक्ष की सुरक्षा को परखने के साथ ही सुधार संबंधी जरूरी दिशा निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि बाराबंकी लोकसभा सीट के अंतर्गत विधानसभा की बाराबंकी सदर, कुर्सी, रामनगर, दरियाबाद, जैदपुर और हैदरगढ़ कुल छह सीट आती हैं। इनमेें दरियाबाद और कुर्सी की मतगणना 33 चक्रों में, बाराबंकी और जैदपुर की 32 चरणों में रामनगर की 30 चरणों में और हैदरगढ़ की 28 चक्रों में गणना होगी। इसके लिए प्रत्येक विधानसभा में 14-14 टेबल लगाई जाएंगी। बताया कि गेट नंबर एक से मतगणना से जुडे़ अधिकारी, कार्मिक और मीडिया कर्मियों को जबकि गेट नंबर तीन से हैदरगढ, बाराबंकी और जैदपुर के तथा गेट नंबर चार से कुर्सी, रामनगर और दरियाबाद के मतगणना अभिकर्ताओं को प्रवेश मिलेगा।
बताया कि मतगणना परिसर के अंदर मोबाइल फोन, लैपटॉप, स्मार्ट वॉच समेत कोई भी इलेक्ट्रानिक गैजेट का प्रयोग सख्ती से प्रतिबंधित रहेगा। मतगणना स्थल के 100 मीटर की परिधि तक सभी तरह के वाहनों पर भी पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। पान, बीडी, मसाला सिगरेट के साथ शस्त्र इत्यादि को भी गेट पर तलाशी के दौरान रोक दिया जाएगा। गणना के लिए मतदान कर्मी सुबह सात बजे पहुंचने के बाद आठ बजे से मतों की गणना कार्य शुरु करेंगे।
मतगणना अभिकर्ता भी केवल पेन, पेपर या नोट पैड ही अंदर ले जा सकेंगे। मतगणना स्थल पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट के पास उन्हें अपना मोबाइल जमा कराना होगा। उम्मीदवार के साथ लगे सुरक्षा कर्मियों को मतगणना स्थल पर प्रवेश नहीं मिलेगा। बैठक में एडीएम अरुण कुमार सिंह, एसडीएम केडी शर्मा, विजय कुमार त्रिवेदी, राजेश विश्वकर्मा, बालेंदु द्विवेदी, एसपी सिंह, सौरभ त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मतगणना अभिकर्ता एक बार प्रवेश करने के बाद परिणाम की घोषणा के बाद ही मतगणना हाल से बाहर निकल सकेंगे। एक बार प्रवेश मिलने के बाद दोबारा प्रवेश पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। प्रवेश के लिए सभी को प्रशासन की तरफ से जारी पहचान पत्र दिखाना जरूरी होगा। बिना पहचान पत्र के किसी को भी प्रवेश नहीं मिलेगा। मतगणना स्थल पर प्रत्याशियों, अभिकर्ताओं, अधिकारियों व कर्मचारी के वाहनों की पार्किंग के लिए अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं।