बाराबंकी। कोरोना संक्रमण से हो रही मौतें का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को कोरोना संक्रमण की चपेट में आकर एक और महिला की जान चली गई। इस तरह से जिले में अब तक 14 लोगों की कोरोना से जान जा चुकी है। वहीं पिछले दो दिनों से रिकार्ड मरीज मिल रहे हैं। देरशाम आई जांच रिपोर्ट के अनुसार 360 और कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद सभी को होम आइसोलेशन में रखा गया है। जिले में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 13 सौ को पार कर गया है।
त्रिवेदीगंज थाना क्षेत्र के भिलवल गांव की रहने 58 वर्षीय महिला की कोरोना संक्रमण की चपेट में आकर बुधवार को मौत हो गई। परिवारीजनों के अनुसार हालत खराब होने पर दो दिन पहले लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां पर उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रोटोकॉल के तहत शव का अंतिम संस्कार करा दिया है। इस तरह से जिले में अब तक कोरोना से 14 लोगों की जान जा चुकी है। कोरोना से हो रही मौतों का क्रम बदस्तूर जारी है। कोरोना से हो रही मौतें थम रही हैं और न ही मरीजों को मिलने का सिलसिला ही रुक रहा है। देरशाम आई जांच रिपोर्ट के अनुसार जिले 260 और कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद मौके पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संक्रमितों को होम आइसोलेट कराते हुए परिवारीजनों को कोविड नियमों का पूरी तरह से पालन करने के निर्देश दिए हैं। इस तरह से जिले में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 13 सौ को पार कर गया है। लेकिन जिस तरह से कोरोना के मरीज मिल रहे हैं उससे यह आंकड़ा जल्द ही दो हजार के करीब पहुंच सकता है।
कचहरी परिसर को कराया गया सैनिटाइज
कोरोना से हुई एक अधिवक्ता की मौत और दो अपर जजों के साथ ही कईयों के संक्रमित पाए जाने के बाद जिला जज कचहरी को बंद करने का आदेश जारी किया था। बुधवार को पहुंची नगर पालिका की टीम ने कचहरी परिसर को पूरी तरह से सैनिटाइज किया।
3153 को लगाया गया कोरोना का टीका
टीकाकरण उत्सव के तहत बुधवार को 3153 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। जबकि 68 सौ लोगों को कोरोना का टीका लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। सीएमओ ने बताया कि कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ ही टीका लगवाने वालों की संख्या भी बढ़ने लगी है। प्रतिदिन भारी संख्या में लोग अस्पतालों में पहुंच कोरोना का टीका लगवा रहे हैं।
लोगों में नहीं दिख रहा कोरोना का भय
जिले भले ही कोरोना के मरीज बहुत तेजी से मिल रहे हो लेकिन लोगों की सेहत पर इसका कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है। लोग आम दिनों की अपेक्षा बाजार में बिना मास्क के घूमते आसानी से देखे जा सकते हैं। इसके अलावा शहर में खुल रही दुकानों पर कोरोना नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। यहां पर सोशल डिस्टेंसिंग की बात दूर बिना मास्क के पहुंच रहे लोगों का बिना रोक-टोक सामान बेचा जा रहा है। तहसील प्रशासन द्वारा जारी आदेश को व्यापारी किसी भी मानने को तैयार नहीं दिखाई दे रहे हैं। जिससे कोरोना संक्रमण के फैलाव का खतरा बढ़ता ही जा रहा है।
जिले के त्रिवेदीगंज के भिलवल में एक महिला की कोरोना से मौत की सूचना पर चिकित्सकों की टीम को मौके पर जांच के लिए भेजा गया है। देरशाम आई जांच रिपोर्ट के अनुसार जिले में 260 और पॉजिटिव पाए गए हैं जिस पर सभी को होम आइसोलेट कराते हुए कोविड नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए है। चिकित्सकों की टीम संक्रमितों पर बराबर नजर रखे हुए है।
-डॉ. बीकेएस चौहान, सीएमओ
बिना मास्क मिले 140 लोगों का पुलिस ने किया चालान
बाराबंकी। कोविड के बढ़ते संक्रमण को लेकर पुलिस एक्शन मूड में आ गई है। प्रोटोकाल का पालन कराने के लिए बुधवार को नगर कोतवाली पुलिस ने अभियान चलाकर बिना मास में 140 लोगों का चालान किया। 100 से लेकर 500 रुपये तक जुर्माना कर मास्क लगाकर लोगों को घर भेजा और हिदायत दी।
कोरोना का संक्रमण अपने पांव पसार रहा है। इसके बाद बेखौफ होकर लोग बिना मास्क अपने घरों से बाहर निकलकर घूम रहे हैं। इसको लेकर बुधवार को नगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार सिंह ने पूरे शहर में अभियान चलाकर बिना मास्क मिले लोगों का चालान किया। इस दौरान पुलिस से बदसलूकी करने वाले कुछ लोगों को पकड़कर कोतवाली बुलाया गया। बुधवार को चलाए गए इस अभियान में पुलिस ने 140 लोगों का चालान किया। जिससे करीब 20 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। उसके बाद बिना मास्क वाले लोगों को मास्क दिया। वही दोबारा बिना मास्क मिलने पर सख्त कार्रवाई की हिदायत देते हुए घर भेज दिया।
कोविड-19 के प्रोटोकाल का पालन कराने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा। अभी तो लोगों से अपील कर चालान किया जा रहा है। इसके बाद भी लोग नहीं माने तो पुलिस सख्ती से निपटेगी।
-पंकज कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक नगर कोतवाली