बाराबंकी। कोरोना वायरस का संक्रमण जिले के गांवों तक पहुंच गया है। दूसरे राज्यों से कामगारों के आने के साथ ही कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। शनिवार को जिले के रामसेनहीघाट, हरख, हैदरगढ़ व सिरौलीगौसपुर क्षेत्र में सात लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद इन सभी को सफेदाबाद के निकट स्थित चन्द्रा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। उनके परिवारीजनों के साथ संपर्क में आने वाले 28 लोगों को क्वारंटीन किया गया है। इसके साथ ही जिले में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 28 हो गई है। संक्रमित व्यक्तियों के गांव के आसपास के इलाके को सील कर सैनीटाइज कराया जा रहा है।
रामसनेहीघाट क्षेत्र के गोकुला के रहने वाले दो युवक 11 मई को महाराष्ट्र से वापस आए थे। शनिवार को दोनों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें चन्द्रा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके परिवार के 12 लोगों को प्रशासन ने क्वारंटीन कराया है। एसडीएम राजीव शुक्ला ने गांव पहुंच कर आबादी क्षेत्र को सील करा दिया। लोगों का आवागमन पूरी तरह से रोक दिया गया है। उधर हैदरगढ़ क्षेत्र के टिकरहुआ गांव में भी एक युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। यह युवक अहमदाबाद से 11 मई को लौटा था। उसे हैदरगढ़ के जीआईसी में क्वारंटीन कराया गया था। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद युवक को चन्द्रा अस्पताल भेज दिया गया।
हरख क्षेत्र के कोला नई बस्ती का एक युवक 11 मई को मुंबई से लौटा था। गांव के ही प्राथमिक विद्वालय में क्वारंटीन युवक की रिपोर्ट आने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके साथ सात अन्य लोगों को स्कूल में क्वारंटीन कराया गया है। उधर कोठी क्षेत्र के चियारा मुबारकपुर का रहने वाला एक युवक नौ मई को महाराष्ट्र से आया था। वह गांव के बाहर बनी एक दुकान में रह रहा था। जांच रिपोर्ट आने के बाद गांव पहुंचे तहसीलदार विश्वमित्र सिंह ने युवक को उपचार के चन्द्रा अस्पताल भेजा है। परिवार के आठ लोगों को क्वारंटीन कराते हुए गांव को सील कर सैनिटाइज कराया जा रहा है। सतरिख कस्बे के मोहल्ला पहेटिया का एक युवक 11 मई को मुंबई लौटने के बाद घर के बाहर झोपड़ी में रह रहा था। उसका छोटा भाई इसकी देखभाल करता था। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद युवक को उपचार के लिए भेजा गया है उसके भाई को गांव के ही स्कूल में क्वारंटीन कराया गया है। सिरौलीगौसपुर क्षेत्र का भी एक युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया। यह युवक भी गत दिनों दूसरे राज्य से लौटा था। शनिवार को जिले में सात कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद 28 लोगों को क्वारंटीन कराया गया है।