बाराबंकी। देवा रोड स्थित बस स्टेशन पर अनुबंधित बसों का संचालन पूरी तरह बेपटरी हो गया है। इलेक्ट्रॉनिक स्क्रीन पर दर्ज समय के अनुसार बसें न तो आती हैं न ही रवाना होती हैं। डिस्प्ले बोर्ड की स्क्रीन भी बसों के आवागमन व रवाना होने का गलत समय दर्शाती है। जबकि पूछताछ काउंटर पर अधिकतर समय कर्मचारी न होने से सन्नाटा रहता है। इससे स्कूल कॉलेज के साथ कार्यालय जाने वाले दैनिक यात्रियों को भीषण गर्मी में घंटों परेशानी उठाना पड़ती है।
अधिकांश रूट पर बसों की पर्याप्त संख्या न होने से बस मिलने पर भी अत्यधिक भीड़ के कारण खड़े होकर ही यात्रा करने को विवश होना पड़ता है। दैनिक यात्रियों का कहना है कि परिवहन विभाग ने अनुबंधित बसों की समयसारिणी तो तय कर दी लेकिन इसका पालन सुनिश्चित कराने के लिए कोई निगरानी व्यवस्था नहीं की है। इसी कारण इनका संचालन मनमर्जी के आधार पर हो रहा है।
इस संबंध में एआरएम जमीला खातून ने बताया कि बसों का संचालन नियमित तरह से कराने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। मंगलवार को एक बस यूपी-41 9840 खराब हो गई थी, इसलिए दूसरी बस संख्या यूपी 41 एटी 3811 को 15 मिनट रोका गया था, ताकि यात्री बस में बैठ सकें। बसों की संख्या बढ़ाने के लिए भी उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा गया है।
समय से रवाना नहीं हुई बस, शिकायत
देवा रोेड स्थित बस स्टेशन समय की अनियमितता एवं यात्री असुविधा को लेकर शहर निवासी विवेक कुमार ने क्षेत्रीय सेवा प्रबंधक को शिकायती पत्र भेजा है। पत्र में कहा है कि बस स्टेशन पर खड़ी बस संख्या यूपी 41 एटी 3811 मंगलवार शाम साढ़े छह बजे रवाना होनी थी। लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी काफी देर तक वहीं खड़ी रही।
समय पर नहीं मिलती बस
फोटो- 17
बसों की संख्या कम है जिससे समय पर बस नहीं मिलती है। रोजाना बाराबंकी से बेलहरा जाना होता है। बस में इतनी भीड़ रहती है कि बैठना तो दूर खड़े होने की जगह नहीं मिलती।
- डॉ. उदय प्रताप सिंह
बस कब आएगी, बताने वाला कोई नहीं
फोटो- 18
बसों के आने जाने का कोई टाइम नहीं है। एक बस छूट गई तो दूसरी बस कब आएगी, यह बताने वाला कोई नहीं है। स्क्रीन पर बसों का जो आवागमन दिखाया जा रहा है, उसके अनुसार बस नहीं मिल रही है।
- राहुल कुमार