हादसे के बाद खेतों में पलटी बस
- फोटो : अमर उजाला
परिवहन निगम की एक बस ने शुक्रवार को सुबह टहलने निकले एक युवक को रौंद दिया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर मौजूद लोगों ने घायल को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी मौत हो गई।
इसरौली के पास बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को ठोकर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के आलापुर मजरे जिन्हौली निवासी आनंद कुमार (22) पुत्र अर्जुन प्रसाद शुक्रवार की सुबह घर से अकेले ही टहलने निकला था। मयूर मोटल के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार अनुबंधित बस ने उसे रौंद दिया।
हादसे के बाद घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के इसरौली चौराहे के पास देवा की ओर जा रहे ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को ठोकर मार फरार हो गया।
हादसे में बड्डूपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खपौली निवासी विपिन (25) पुत्र रासरन व उसका साथी पवन (22) गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाने के साथ परिवारीजनों को सूचना दी। गंभीर हालत में दोनों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।