बाराबंकी। 380 कर्मियों को हटाए जाने से आक्रोशित बिजली विभाग के संविदा कर्मियोंं का आक्रोश बृहस्पतिवार को भड़क उठा। कार्यरत कर्मियों ने उपकेंद्रों पर नारेबाजी कर विरोध जताया। लामबंद हुए संविदाकर्मी घोसियाना स्थित बिजली दफ्तर पहुंचे और बिजली मजदूर संगठन व संयुक्त मोर्चा के बैनर तले धरना भी दिया।
पॉवर कॉरपोरेशन के विभिन्न बिजली उपकेंद्र पर कार्यरत संविदा कर्मियों को बीते दो माह से मानदेय नहीं मिलने के कारण कर्मचारी बिजली मजदूर संगठन के बैनर तले सांकेतिक धरना प्रदर्शन कर रहे थे। संगठन के जिलाध्यक्ष सरोज कुमार ने बताया कि इसी बीच प्राइम वन कंपनी ने बिना नोटिस जिले में कार्यरत 380 संविदा कर्मियों को हटा दिया। इससे अब उनके समक्ष रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है। इससे नाराज संविदा कर्मियों ने विभिन्न उपकेंद्रों पर एकत्रित होकर नारेबाजी के साथ विरोध प्रदर्शन किया।
बृहस्पतिवार शाम तीन बजे लामबंद हुए संविदाकर्मी घोसियाना स्थित बिजली दफ्तर पहुंचकर अपना आक्रोश जताया। संगठन के जिलाध्यक्ष सरोज कुमार ने बताया कि अब गांव में तीन गैंग और तीन एसएसओ रहेंगे। वहीं शहर में पांच गैंग व तीन एसएसओ रहेंगे। चेताया कि नौकरी से हटाए गए संविदा कर्मियों की बहाली शीघ्र नहीं की गई तो संविदा कर्मी एकजुट होकर बड़ा आंदोलन शुरू करने को विवश होंगे। इसकी शुरूआत तीन मई को पूर्ण कार्य बहिष्कार के साथ अधीक्षण अभियंता कार्यालय में प्रदर्शन कर होगी।