शैलानी माता मंदिर के समीप गोमती के किनारे शुरू हुआ घाट का निर्माण। -संवाद
बाराबंकी। सतरिख क्षेत्र के डल्लूखेडा गांव स्थित शैलानी माता मंदिर के पास से निकली गोमती नदी पर घाट बनाने का काम शुरू हो गया है। इस घाट के बन जाने से यहां प्रतिदिन दर्शन के लिए आने वाले सैकड़ों श्रद्धालुओं को सहूलियत होगी।
नवरात्र में यहां जिले से ही नहीं बल्कि लखनऊ, हरदोई, सीतापुर, उन्नाव, बहराइच, गोंडा, अयोध्या व श्रावस्ती से श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। यहां इस दौरान मुंडन संस्कार, कथा, यज्ञोपवीत समेत कई कार्यक्रम होते हैं। इसके अलावा यहां प्रत्येक सोमवार व शुक्रवार को मेला भी लगता है जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है।
यहां से जुड़ी लोगों की आस्था को देखते हुए तत्कालीन जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने यहां घाट बनाने का आदेश जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी आशुतोष कुमार को दिया था। अपर मुख्य अधिकारी ने बताया कि प्रस्ताव बनाकर बोर्ड में रखा गया था स्वीकृति मिलने के बाद यहां स्थित गोमती नदी पर घाट बनाने का काम शुरू करा दिया गया है।