संजय सेतु पर शुक्रवार रात हादसे के बाद लगा जाम। -संवाद
गणेशपुर (बाराबंकी)। बहराइच जिले की सीमा पर रामनगर क्षेत्र में स्थित संजय सेतु पर शुक्रवार रात करीब 10 बजे बस व ट्रक में भिड़ंत हो गई। गनीमत रही कि हादसे में दो लोगों को हल्की चोट आई मगर हादसे के बाद सेतु के दोनों ओर तीन से चार किमी लंबा जाम लग गया। लोग हलकान हो गए। पुलिस ने क्रेन से दोनों वाहनों को हटवाकर रात करीब दो बजे यातायात बहाल करवाया।
सहालग के कारण इस समय बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर यातायात बढ़ा है। रात करीब 10 बजे बहराइच की ओर से आ रहे ट्रक की बाराबंकी की ओर से जा रही बस से आमने सामने भिड़ंत हो गई। पुल पर हादसे के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। दो लोगों को हल्की चोट आने पर इलाज के लिए भेज दिया गया मगर जाम लगने लगा।
रात 11 बजे तक दोनों ओर तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया। गणेशपुर व हरीनारायणपुर तक वाहन फंसे रहे। पुलिस ने किनारे से यातायात शुरू कराया मगर बात नहीं बनी। फिर क्रेन मंगाई गई। दोनों वाहनों को पुल से हटाने व यातायात बहाल करने में दो बजे गए। रामनगर के कोतवाल अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि कोई खास घायल नहीं हुआ। वाहनों के अगले हिस्से कुछ क्षतिग्रस्त हुए हैं।