बाराबंकी। होली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने जिले में मिलावट के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और डीएम के निर्देश पर एसडीएम नवाबगंज आनन्द तिवारी व सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. शैलेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम ने नवाबगंज तहसील क्षेत्र में सघन निरीक्षण किया।
शहर क्षेत्र में अभियान चलाते हुए नाका सतरिख स्थित मेसर्स साकेत मिष्ठान भंडार से गुझिया का नमूना लिया गया। वहीं लखपेड़ाबाग, आवास विकास, बेगमगंज और लाजपत नगर क्षेत्रों में मिठाई व अन्य खाद्य पदार्थों की दुकानों की जांच की गई। सचल खाद्य प्रयोगशाला की टीम ने स्टेशन रोड स्थित मिठाई और किराना दुकानों पर मौके पर ही 25 नमूनों की जांच की। इनमें मिठाई, पनीर, मसाले, तेल और दूध शामिल रहे। इसके बाद सलारपुर देवां रोड स्थित दो कोल्ड स्टोरेज का निरीक्षण कर यह परखा गया कि कहीं खोवा, मसाला या ड्राई फ्रूट का भंडारण तो नहीं किया गया है। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई संतोषजनक न मिलने पर संबंधित संचालकों को सुधार नोटिस जारी किया गया। अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरद पांडेय समेत खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुण कुमार, अर्शी फारूकी, भगौती प्रसाद, पल्लवी तिवारी, अनुराधा मिश्रा व डॉ. अंकिता यादव शामिल रहे।